गुरुग्राम में रॉन्ग साइड दौड़ी तेज रफ्तार Thar का कहर, पेट्रोल पंप कर्मी की मौत; ड्राइवर थार छोड़कर भागा
गुरुग्राम में एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने गलत दिशा से आकर एक बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पलवल निवासी मुकेश के रूप मे ...और पढ़ें

ड्राइवर मौके पर ही थार छोड़कर भागा। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। एक बार फिर शहर में राॅन्ग साइड तेज रफ्तार Thar का कहर देखने को मिला है। सुशांत लोक थाना क्षेत्र में सेक्टर 44 से व्यापार केंद्र रोड पर रांग साइड आई थार गाड़ी ने एक बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद थार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।
मृत युवक की पहचान पलवल के रोहता पट्टी के रहने वाले मुकेश के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह गुरुग्राम के सेक्टर 44 में पेट्रोल पंप पर काम करते थे।
बुधवार दोपहर मुकेश पेट्रोल पंप से कुछ काम से बाइक से सेक्टर 44 से व्यापार केंद्र रोड सुशांत लोक की तरफ जा रहे थे। व्यापार केंद्र के पास एक सफेद रंग की थार गाड़ी सामने से तेज रफ्तार में आई।
थार पर नहीं थी नंबर प्लेट, ड्राइवर कार छोड़कर भागा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस गाड़ी पर आगे पीछे नंबर प्लेट नहीं थे। देखते ही देखते थार गाड़ी ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। घटना के बाद ड्राइवर गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
वहीं आसपास के लोग मुकेश को घायल अवस्था में निजी अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान मुकेश की मौत हो गई। मामले में मुकेश के भाई अशोक ने सुशांत लोक थाने में थार चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। थाना पुलिस ने कहा कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।