Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम में सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को ट्रॉले ने 100 मीटर तक घसीटा, मौत के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 08:24 AM (IST)

    सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्राले ने 70 वर्षीय बुजुर्ग शीशराम को 100 मीटर तक घसीटा, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। ...और पढ़ें

    लोगों के रोड जाम करने पर लगी वाहनों की कतार। जागरण

    लोगों के रोड जाम करने पर लगी वाहनों की कतार। जागरण

    HighLights

    1. सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर ट्राले से बुजुर्ग की मौत।

    2. ग्रामीणों ने सड़क जाम कर ब्रेकर की मांग की।

    3. पुलिस के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम खुला।

    संवाद सहयोगी, सोहना। सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार ट्राला की टक्कर से 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। ट्राला की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद करीब सौ मीटर तक चालक बुजुर्ग को घसीटता हुआ ले गया।

    हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने निमोठ स्टैंड के पास मार्ग जाम कर दिया। पुलिस प्रशासन की लापरवाही और ब्रेकर न लगाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने ट्राला चालक की गिरफ्तारी की भी मांग की। एसीपी के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद जाम खोला गया।

    मृतक की पहचान निमोठ गांव निवासी शीशराम के रूप में हुई है। वह बुधवार शाम करीब पांच बजे खेत से पशुओं को चारा चराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रोड पार करते समय तेज रफ्तार ट्राला ने उन्हें टक्कर मार दी।

    प्रत्यदर्शियों के अनुसार हादसा सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर निमोठ स्टैंड के पास हुआ। ट्राला बल्लभगढ़ की तरफ से सोहना की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार ट्राला ने शीशराम को टक्कर मारने के बाद करीब सौ मीटर तक घसीटा। ट्राला के पहिए के नीचे आने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

    खबरें और भी

    हादसे के बाद आरोपित चालक ट्राला को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्राला को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

    ब्रेकर न लगने से भड़के ग्रामीण, प्रशासन पर लगाया आरोप

    हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने तुरंत सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग निमोठ स्टैंड पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस प्रशासन और एसडीएम से वे कई बार इस मार्ग पर ब्रेकर लगाने की लिखित शिकायत कर चुके हैं। लेकिन उनकी फरियाद पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

    जाम की सूचना पर एसीपी मुकेश यादव और सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन के समझाने के बावजूद ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक मार्ग पर ब्रेकर नहीं लगाए जाएंगे और फरार चालक गिरफ्तार नहीं होगा, जाम नहीं खुलेगा। जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई किलोमीटर तक वाहनों के पहिए थम गए।

    ग्रामीणों ने कहा कि तेज दौड़ते ट्रालों की रफ्तार पर पुलिस अपनी जिम्मेदारी सही से नहीं निभा रही है। इसी कारण मुख्य मार्गों पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग मौत का ग्रास बन रहे हैं। एसीपी मुकेश यादव के आश्वासन पर घटना के करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। एसीपी ने ब्रेकर लगाने और आरोपित चालक को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया।

     

    यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट का आदेश: गुरुग्राम में गिराए जाएंगे 100 से ज्यादा अवैध निर्माण, विशेष टास्क फोर्स तैयार

    यह भी पढ़ें- हाईवे पर रुकी व्यक्ति की सांसें, गुरुग्राम में ट्रैफिक ASI ने CPR देकर लौटाई जिंदगी; लोग कर रहे सलाम