गुरुग्राम एनकाउंटर: 10 करोड़ की रंगदारी के लिए तीन महीने गैंगस्टर के निशाने पर था कारोबारी
गुरुग्राम में कारोबारी विशाल बेरी से गैंगस्टर दीपक नांदल 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांग रहा था। रंगदारी न मिलने पर भेजे गए शूटरों और पुलिस के बीच मुठभ ...और पढ़ें

सुशांत लाेक स्थित कारोबारी के घर के बाहर तैनात पुलिस । जागरण
HighLights
कारोबारी विशाल बेरी से 10 करोड़ की रंगदारी मांगी गई।
गैंगस्टर दीपक नांदल तीन महीने से धमकी दे रहा था।
मुठभेड़ में चार शूटर मारे गए, एक घायल हॉकी खिलाड़ी।
विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। सुशांत लोक फेस एक में रहने वाले कारोबारी विशाल बेरी से एक नहीं बल्कि 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार विदेश में बैठा गैंग्स्टर दीपक नांदल इन्हें तीन महीने से रंगदारी के लिए वाट्सएप पर फोन कर लगातार धमकी दे रहा था।
पिछले एक सप्ताह से धमकियों का सिलसिला बढ़ गया था। गुरुवार रात दीपक के इशारे पर पांच शूटर कारोबारी घर के बाहर दहशत फैलाने और हत्या के इरादे से पहुंचे थे। इसी दौरान भीषण मुठभेड़ में चार शूटर मारे गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार विशाल बेरी का प्रापर्टी का काम है। 2024 से ही यह गैंग्सटरों के निशाने पर आ गए थे। तब गैंग्सटर विकास लांगरपुरिया ने बेरी को रंगदारी के लिए धमकी दी थी। उसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने इन्हें दो-तीन सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए थे।
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि तीन महीने से दीपक नांदल इन्हें दस करोड़ रुपये के लिए धमकी दे रहा था। हालांकि, इन्होंने पहले उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया। बीते एक सप्ताह से धमकियों का सिलसिला तेज हो गया था।
इसके बाद इन्होंने पुलिस को सूचना दी थी। गुरुग्राम पुलिस क्राइम ब्रांच और एसटीएफ के कुछ जवान इनकी सुरक्षा में तैनात थे। रंगदारी न मिलने पर गैंग्सटर ने दहशत फैलाने के इरादे से अपने गुर्गों को भेजा था।
आरोपितों ने विशाल बेरी के घर पर फायरिंग की। उसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया था। इस घटना के बाद से अब पुलिस की एक टीम निरंतर बेरी के घर के आसपास मौजूद है और हर आने जाने वाले व्यक्ति की निगरानी कर रही है।
खबरें और भी
पाकिस्तान के रास्ते हथियार लाए जाने की आशंका
गुरुग्राम पुलिस को घटनास्थल से पांच हथियार बरामद हुए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार इनमें से दो अवैध देसी पिस्टल थीं। तीन चाइनीज मेड थीं। पुलिस को आशंका है कि ये विदेशी हथियार पाकिस्तान के रास्ते भारत में पहुंचाए गए।
हालांकि ये ड्रोन से सीमा पार फेंके गए या कोई लेकर आया, इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि शूटरों तक ये हथियार किसने और कैसे मुहैया कराए थे। इसके लिए गुरुग्राम पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं।
एक टीम रोहतक और फतेहाबाद गई है। मारे गए शूटर रोहतक और फतेहाबाद के रहने वाले थे। इनके साथियों, घरवालों व अन्य लोगों से इनके बारे में पूछताछ की जा रही है। इनके मोबाइल की लोकेशन व सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घायल शूटर भी निकला हाकी खिलाड़ी, जल्द बयान दर्ज करेगी पुलिस
दीपक नांदल के शूटरों और क्राइम ब्रांच टीमों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में घायल हुआ नूंह के बिस्सर गांव का रहने वाला आरोपित शिवम भी हाकी खिलाड़ी है। मुठभेड़ में उसके पेट में गोली लगी थी। शनिवार को उसकी हालत कुछ ठीक होने पर उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
डाक्टरों की सलाह पर पुलिस जल्द ही आरोपित से पूछताछ करेगी। परिवार के अनुसार शिवम 18 साल का है। वह जूनियर लेवल हाकी खिलाड़ी था। एक-डेढ़ साल पहले उसने हाकी छोड़ दी थी। उसके बाद से क्या हुआ, कैसे दीपक नांदल के गिरोह में शामिल हो गया, इसके बारे में परिवार को कुछ नहीं पता है।
जिले के अन्य हाकी खिलाड़ी भी इसके बारे में इस सूचना के बाद से हतप्रभ हैं। बताते हैं कि यह बेहद शर्मीले स्वाभाव का था। वह निरंतर पहले नेहरू स्टेडियम हाकी ग्राउंड पर खेलने जाता था। शुक्रवार रात परिवार के लोग शिवम से मिलने के लिए मेदांता पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मिलने नहीं दिया।
कहा गया कि होश में आने के बाद बयान दर्ज होंगे। डीसीपी क्राइम हितेश यादव का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। घायल आरोपित के बयान जल्द दर्ज किए जाएंगे। उससे उसके गिरोह और हथियार सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ की जाएगी।