गुरुग्राम: खुले मैनहोल में गिरने से बुरी तरह घायल हुई 9 साल की बच्ची, CCTV फुटेज मांगने पर पिता से मारपीट का आरोप
नया गुरुग्राम की आरओएफ आनंदा सोसायटी में खुले मैनहोल में गिरने से नौ साल की बच्ची घायल हो गई। सीसीटीवी ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
खुले मैनहोल में गिरने से नौ साल की बच्ची घायल।
फुटेज मांगने पर बच्ची के पिता से मारपीट का आरोप।
पुलिस मामले की जांच कर रही, कार्रवाई का आश्वासन।
जागरण संवाददाता, नया गुरुग्राम। सेक्टर-95 स्थित आरओएफ आनंदा सोसायटी में खुले मैनहोल में गिरने से नौ साल की बच्ची घायल हो गई। खेलते समय बच्ची की एक टांग करीब दो फीट गहरे मैनहोल में चली गई, जबकि दूसरी टांग ऊपर ही रह गई। हादसे में बच्ची के निजी अंगों में गंभीर चोट लगी।
घटना के बाद बच्ची के उपचार के लिए अस्पतालों के चक्कर काट रहे परिजन जब सीसीटीवी फुटेज लेने सोसायटी पहुंचे तो रखरखाव एजेंसी के कर्मचारियों से विवाद हो गया। बच्ची के पिता ने कर्मचारियों और बाउंसरों पर उनके व भाई के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए सेक्टर-93 पुलिस चौकी में शिकायत दी है।
घटना 28 अगस्त की शाम करीब सवा सात बजे की है। सोसायटी के एफ टावर में रहने वाली बच्ची परिसर में खेल रही थी। इसी दौरान उसका ध्यान खुले पड़े मैनहोल की ओर नहीं गया और उसकी एक टांग उसमें चली गई। परिजनों के अनुसार मैनहोल करीब दो फीट गहरा और लगभग दो फीट चौड़ा था।
अचानक हुए हादसे में बच्ची के निजी अंगों में चोट लगी। दर्द से कराहती बच्ची ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए लेकर अस्पताल पहुंचे।
कई अस्पतालों के चक्कर काटने के बाद मांगी फुटेज
बच्ची के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना के बाद वह शाम करीब साढ़े सात बजे से देर रात साढ़े तीन बजे तक बच्ची को लेकर गुरुग्राम के कई निजी अस्पतालों में गए। शिकायत के अनुसार, उपचार के लिए अस्पतालों में घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की आवश्यकता बताई गई। इसके बाद शनिवार सुबह बच्ची के पिता सोसायटी में रखरखाव का काम देख रही इनवायरो एजेंसी के कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने जितेंद्र नामक कर्मचारी से घटना के समय की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने का आग्रह किया। पिता का आरोप है कि फुटेज देने से इनकार करते हुए जितेंद्र ने उनके और उनके भाई के साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद जितेंद्र ने फोन कर एफ टावर से दो लोगों को वहां बुला लिया और उन्होंने भी उनके साथ मारपीट की।
शिकायत के अनुसार, इस दौरान सोसायटी निवासी ऋषि शुक्ला ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की जांच कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की है।
हादसे के बाद मैनहोल पर लगाया ढक्कन
परिजनों ने खुले मैनहोल को हादसे की मुख्य वजह बताते हुए सोसायटी की रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। बताया गया है कि मैनहोल पानी की निकासी से संबंधित है। हादसे के बाद उस पर ढक्कन लगा दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि मैनहोल खुला छोड़ना रखरखाव एजेंसी के संपदा अधिकारी कुलदीप की लापरवाही का नतीजा है।
हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। इस बारे में इनवायरो प्रबंधन की ओर से देबाशीश मुखर्जी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है।
सेक्टर-93 पुलिस चौकी प्रभारी विनोद का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद जांच अधिकारी को मौके पर भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
