गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर खड़ी अर्टिगा को क्रेटा ने मारी टक्कर, कार के उड़े परखच्चे और ड्राइवर की मौत
गुरुग्राम में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक खड़ी अर्टिगा को तेज रफ्तार क्रेटा ने टक्कर मार दी, जिससे अर्टिगा चालक फ्लाईओवर से नीचे गिर गया और उसकी मौ ...और पढ़ें

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खड़ी अर्टिगा को क्रेटा ने टक्कर मारी।
अर्टिगा चालक फ्लाईओवर से नीचे गिरा, मौके पर ही मौत।
पुलिस ने जांच शुरू की, क्रेटा चालक की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात सांचोली गांव के पास एक खड़ी अर्टिगा गाड़ी को तेज रफ्तार क्रेटा ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्टिगा गाड़ी के चालक फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।
सोहना सदर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पलवल जिले के पातली गांव निवासी चंदर के रूप में की गई। चंदर के साथी पलवल निवासी नरेश मलिक ने सोहना सदर थाने में शिकायत दी।
गाड़ी में तकनीकी खराबी आई
नरेश मलिक ने बताया कि वह गुरुग्राम की तकिशा इंजीनियरिंग कंपनी में काम करते हैं। बुधवार रात करीब आठ बजे वह और उनके ड्राइवर चंदर अर्टिगा गाड़ी से गुरुग्राम से पलवल जा रहे थे। सांचोली गांव के पास गाड़ी में तकनीकी खराबी आ गई।
जोरदार टक्कर मारी
चंदर ने गाड़ी को साइड में पार्किंग लाइट आन करके खड़ी कर दी और वह गाड़ी के आगे खड़े होकर उसकी समस्या देख रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से पीछे से आई काले रंग की क्रेटा गाड़ी के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए खड़ी अर्टिगा गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चंदर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।
यह भी पढ़ें- KMP एक्सप्रेसवे पर चलती महिंद्रा SUV में लगी आग, चंद मिनटों में जलकर खाक; बाल-बाल बचा ड्राइवर
वहीं, राहगीरों की मदद से नरेश चंदर को सिविल अस्पताल सोहना ले गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही क्रेटा गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।