मिलेनियम सिटी से मिनटों में पहुंचेंगे पुराना गुरुग्राम, पहला पियर कैप लगा; अब तेजी से बनेगा मेट्रो ट्रैक
गुरुग्राम मेट्रो परियोजना ने पहला पियर कैप सफलतापूर्वक स्थापित कर निर्माण कार्य में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। यह उपलब्धि एलिवेटेड मेट्रो वाय ...और पढ़ें

पुराने गुरुग्राम तक मेट्रो दौड़ाने के काम में आएगी तेजी। फोटो: आर्काइव
HighLights
गुरुग्राम मेट्रो का पहला पियर कैप सफलतापूर्वक स्थापित
एलिवेटेड वायाडक्ट निर्माण में महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ
अब यू-गर्डर लॉन्चिंग की तैयारी, परियोजना में तेजी
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर सिटी की बहुप्रतीक्षित मेट्रो परियोजना ने निर्माण कार्य में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने परियोजना के पहले पियर कैप की सफलतापूर्वक स्थापना कर दी है।
इसके साथ ही एलिवेटेड मेट्रो वायाडक्ट के निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। निर्माण अनुबंध दिए जाने के करीब एक वर्ष के भीतर यह उपलब्धि हासिल होने से परियोजना की प्रगति को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।
पहले पियर कैप की स्थापना 7.864 मीटर ऊंचे पियर पर की गई। इसके लिए 350 टन क्षमता वाली टायर-माउंटेड क्रेन का इस्तेमाल किया गया।
करीब 10 मीटर लंबा, तीन मीटर चौड़ा और दो मीटर ऊंचा यह पियर कैप सेक्टर-33 इलाके में गांव नाहरपुर के पास परियोजना के कास्टिंग यार्ड में तैयार किया गया था।
निर्माण के बाद इसे विशेष व्यवस्था के तहत स्थापना स्थल तक पहुंचाया गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत पियर के ऊपर स्थापित किया गया।
वायाडक्ट निर्माण में अहम कड़ी
मेट्रो के एलिवेटेड वायाडक्ट के निर्माण में पियर कैप की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। यह पियर को ऊपर बनने वाली वायाडक्ट संरचना से जोड़ने का काम करता है। इसी के ऊपर यू-गर्डर को स्थापित किया जाता है।
आगे चलकर इन्हीं यू-गर्डरों पर मेट्रो के ट्रैक और अन्य संरचनात्मक घटकों का निर्माण होगा। ऐसे में पहले पियर कैप की स्थापना को परियोजना के अगले चरण की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
पियर कैप की स्थापना के दौरान गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के निदेशक (प्रोजेक्ट्स एवं प्लानिंग) एसआर सांगवान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और परियोजना क्रियान्वयन टीम के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सांगवान ने निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्धि हासिल करने के लिए पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने निर्माण कार्यों में सुरक्षा और गुणवत्ता के मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
अब यू-गर्डर लांचिंग की तैयारी
पहले पियर कैप की स्थापना के बाद अब परियोजना में अन्य पियर कैप स्थापित करने के साथ यू-गर्डर लांचिंग की दिशा में काम आगे बढ़ेगा। इससे एलिवेटेड वायाडक्ट के निर्माण में और तेजी आने की संभावना है।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। बता दें कि मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से आगे पुराने गुरुग्राम इलाके में मेट्रो विस्तार के ऊपर कार्य शुरू हो चुका है।
मेट्रो विस्तार मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन के आगे से लेकर एंबियंस माल के नजदीक साइबर हब तक होना है। विस्तार कार्य दो फेज में होना है। पहले फेज का काम यानी सेक्टर-9 तक तक कारिडोर विकसित करने का काम शुरू हो चुका है।
खबरें और भी
गुरुग्राम में बढ़ते यातायात दबाव और सार्वजनिक परिवहन की जरूरत को देखते हुए मेट्रो परियोजना शहर के लिए अहम है।
इसके पूरा होने पर शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही यात्रियों को आधुनिक, सुविधाजनक और टिकाऊ परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।
जल्द शुरू होगा डिपो का काम
हीरो होंडा चौक के नजदीक डिपो बनाने का काम जल्द शुरू होगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया में छह कंपनियों ने भाग लिया है। इनमें एक कंपनी का चयन होना है। चयन होते ही जमीनी स्तर पर काम शुरू हो जाएगा।
410 करोड़ रुपये की लागत से डिपो का निर्माण किया जाएगा। बता दें कि पहले फेज का कारिडोर जून 2028 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढ़ें- मिनटों में ग्रेटर नोएडा से फरीदाबाद, लिंक रोड से सुपरफास्ट होगी कनेक्टिविटी; दिल्ली के चक्कर से छुटकारा