Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम के लोगों के लिए खुशखबरी, मेट्रो प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार; पहला पियर कैप हुआ स्थापित

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 12:19 PM (GMT+05:30)

    गुरुग्राम मेट्रो परियोजना ने अपना पहला पियर कैप सफलतापूर्वक स्थापित कर एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। इससे एलिवेटेड वायाडक्ट के निर्माण कार्य में ...और पढ़ें

    साइबर सिटी में गुरुग्राम मेट्रो ने भरी रफ्तार, पहला पियर कैप स्थापित किया गया।

    साइबर सिटी में गुरुग्राम मेट्रो ने भरी रफ्तार, पहला पियर कैप स्थापित किया गया। 

    HighLights

    1. पहला पियर कैप सफलतापूर्वक स्थापित, परियोजना ने पकड़ी गति।

    2. एलिवेटेड वायाडक्ट निर्माण में तेजी, महत्वपूर्ण पड़ाव पार।

    3. सार्वजनिक परिवहन मजबूत होगा, पुराने-नए गुरुग्राम को जोड़ेगी।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर सिटी की बहुप्रतीक्षित मेट्रो परियोजना ने निर्माण कार्य में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने परियोजना के पहले पियर कैप की सफलतापूर्वक स्थापना कर दी है।

    इसके साथ ही एलिवेटेड मेट्रो वायाडक्ट के निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। निर्माण अनुबंध दिए जाने के करीब एक वर्ष के भीतर यह उपलब्धि हासिल होने से परियोजना की प्रगति को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।

    WhatsApp Image 2026-08-06 at 12.10.27 PM

    निर्माण कार्य के अहम चरण में पहुंची परियोजना

    पहले पियर कैप की स्थापना 7.864 मीटर ऊंचे पियर पर की गई। इसके लिए 350 टन क्षमता वाली टायर-माउंटेड क्रेन का इस्तेमाल किया गया।

    करीब 10 मीटर लंबा, तीन मीटर चौड़ा और दो मीटर ऊंचा यह पियर कैप सेक्टर-33 इलाके में गांव नाहरपुर के पास परियोजना के कास्टिंग यार्ड में तैयार किया गया था।

    निर्माण के बाद इसे विशेष व्यवस्था के तहत स्थापना स्थल तक पहुंचाया गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत पियर के ऊपर स्थापित किया गया।

    वायाडक्ट निर्माण में अहम कड़ी

    मेट्रो के एलिवेटेड वायाडक्ट के निर्माण में पियर कैप की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। यह पियर को ऊपर बनने वाली वायाडक्ट संरचना से जोड़ने का काम करता है। इसी के ऊपर यू-गर्डर को स्थापित किया जाता है। आगे चलकर इन्हीं यू-गर्डरों पर मेट्रो के ट्रैक और अन्य संरचनात्मक घटकों का निर्माण होगा।

    ऐसे में पहले पियर कैप की स्थापना को परियोजना के अगले चरण की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। पियर कैप की स्थापना के दौरान गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के निदेशक (प्रोजेक्ट्स एवं प्लानिंग) एसआर सांगवान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और परियोजना क्रियान्वयन टीम के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

    सांगवान ने निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्धि हासिल करने के लिए पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने निर्माण कार्यों में सुरक्षा और गुणवत्ता के मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

    अब यू-गर्डर लॉन्चिंग की तैयारी

    पहले पियर कैप की स्थापना के बाद अब परियोजना में अन्य पियर कैप स्थापित करने के साथ यू-गर्डर लांचिंग की दिशा में काम आगे बढ़ेगा। इससे एलिवेटेड वायाडक्ट के निर्माण में और तेजी आने की संभावना है।

    परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। बता दें कि मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से आगे पुराने गुरुग्राम इलाके में मेट्रो विस्तार के ऊपर कार्य शुरू हो चुका है। विस्तार कार्य दो फेज में होना है।

    खबरें और भी

    पहले फेज का काम शुरू हो चुका है। गुरुग्राम में बढ़ते यातायात दबाव और सार्वजनिक परिवहन की जरूरत को देखते हुए मेट्रो परियोजना शहर के लिए अहम है। इसके पूरा होने पर शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही यात्रियों को आधुनिक, सुविधाजनक और टिकाऊ परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।

    यह भी पढ़ें- पुराने और नए गुरुग्राम को जोड़ेगी मेट्रो, सेक्टर-33 में बनेगा अत्याधुनिक डिपो; 14 महीने में काम होगा पूराx