Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम बना समंदर! 33 घंटे में 115 MM रिकॉर्डतोड़ बारिश, दो दिन से बंधक बना साइबर सिटी

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 06:43 PM (IST)

    गुरुग्राम में 33 घंटे में 115 एमएम रिकॉर्ड तोड़ बारिश से शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। प्रमुख मार्गों पर जलभराव, ट्रैफिक जाम और दुर ...और पढ़ें

    HighLights

    1. गुरुग्राम में 33 घंटे में 115 एमएम बारिश से जल निकासी ध्वस्त।

    2. प्रमुख मार्गों पर जलभराव, ट्रैफिक जाम से जनजीवन अस्त-व्यस्त।

    3. सीवर गड्ढे में साइकिल सवार, गाय गिरी; स्कूल बस फंसी।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में 33 घंटे में 115 एमएम वर्षा दर्ज होने से शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आई। मंगलवार सुबह आठ बजे से बुधवार सुबह आठ बजे तक 83 एमएम वर्षा हुई, जबकि बुधवार सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक 32 एमएम अतिरिक्त वर्षा रिकॉर्ड की गई।

    लगातार वर्षा ने जीएमडीए, नगर निगम, एचएसवीपी और एनएचएआई की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। विभिन्न एजेंसियों द्वारा जलभराव रोकने और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने पर 400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाने के बावजूद शहर के अधिकांश प्रमुख मार्ग पानी में डूब गए।

    हालात इतने खराब रहे कि फिरोज गांधी कालोनी में सीवर लाइन की खोदाई के गड्ढे में एक साइकिल सवार गिर गया, एक गाय भी गड्ढे में गिरकर घायल हो गई। राजेंद्रा पार्क में स्कूल बस गड्ढे में फंस गई और पटौदी रोड पर बिना बैरिकेडिंग चल रहे नाले के निर्माण कार्य ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

    सुबह राहत मिली, दोपहर में फिर बिगड़ी स्थिति

    बुधवार को सुबह हुई तेज वर्षा के बाद करीब तीन घंटे तक हालात सामान्य होने लगे थे, लेकिन दोपहर में दोबारा वर्षा शुरू होने से स्थिति फिर बिगड़ गई। दिनभर आसमान घने बादलों से ढका रहा। सेक्टर-15, सेक्टर-31, सेक्टर-39, सेक्टर-40, सेक्टर-44, सेक्टर-45, सेक्टर-46, सेक्टर-56 और सेक्टर-57 सहित नए गुरुग्राम के कई हिस्सों में जलभराव हो गया।

    खबरें और भी

    वहीं शीतला माता मंदिर रोड, सेक्टर-10ए, पटौदी रोड, बसई रोड, कादीपुर, उमंग भारद्वाज चौक, बसई तथा दिल्ली-जयपुर हाईवे की नरसिंहपुर स्थित सर्विस लेन पर पानी भरने से लंबा ट्रैफिक जाम लगा।

    फिरोज गांधी कॉलोनी में लापरवाही से हुआ हादसा

    फिरोज गांधी कॉलोनी में सीवर लाइन की खोदाई के बाद बने गहरे गड्ढे में वर्षा का पानी भर गया। पानी के कारण गड्ढा दिखाई नहीं देने से एक साइकिल सवार उसमें गिर गया। कुछ देर बाद एक गाय भी उसी गड्ढे में गिरकर घायल हो गई। लोगों ने उसे भी बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए थे।

    राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में गड्ढे में फंसी स्कूल बस

    राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं दिए और एक स्कूल बस उसमें फंस गई। काफी देर तक बस को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, जिससे आसपास यातायात प्रभावित रहा। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

    पटौदी रोड पर बिना बैरिकेडिंग नाले का निर्माण, टूटी सड़क बनी आफत

    पटौदी रोड पर नाले का निर्माण कार्य बिना पर्याप्त बैरिकेडिंग के जारी है। लगातार वर्षा के कारण निर्माण स्थल और टूटी सड़क लोगों के लिए खतरा बन गई। वाहन चालकों को जलभराव और गड्ढों के बीच से गुजरना पड़ा, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहा। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।

    24 घंटे में हुई वर्षा के आंकड़े एमएम में (सात जुलाई सुबह आठ बजे से आठ जुलाई सुुबह आठ बजे तक)

    इलाका बारिश (मिमी)
    गुरुग्राम 83
    कादीपुर 87
    हरसरू 87
    वजीराबाद 53
    बादशाहपुर 17
    सोहना 30
    मानेसर 56
    पटौदी 29
    फरुखनगर 31

    बुधवार सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक हुई वर्षा के आंकड़े एमएम में

    इलाका बारिश (मिमी)
    गुरुग्राम 32
    कादीपुर 33
    हरसरू 33
    वजीराबाद 16
    बादशाहपुर 20
    सोहना 10
    मानेसर 7.5
    पटौदी 4
    फरुखनगर 18

    जलभराव और ट्रैफिक जाम से दिनभर जूझते रहे लोग

    लगातार वर्षा के कारण शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। कई स्थानों पर वाहन बीच सड़क में बंद हो गए, जबकि प्रमुख मार्गों पर यातायात की रफ्तार बेहद धीमी रही। दिल्ली-जयपुर हाईवे की नरसिंहपुर स्थित सर्विस लेन, बसई क्षेत्र, उमंग भारद्वाज चौक, कादीपुर, सेक्टर-10ए और अन्य प्रमुख मार्गों पर घंटों तक ट्रैफिक रेंगता रहा। नगर निगम, जीएमडीए और अन्य एजेंसियों की टीमें जलनिकासी में जुटी रहीं, लेकिन कई स्थानों पर देर शाम तक पानी जमा रहा।

    पारा लुढ़का, उमस और गर्मी से मिली राहत

    लगातार वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उमस और भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। दिनभर बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी वर्षा की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान सामान्य के आसपास रहने के आसार हैं।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर बड़ा बदलाव! रात 8 बजे से लागू हुई नई व्यवस्था, जान लें नियम