गुरुग्राम में फिनाइल की दुकान में आग लगी, अंदर सो रहा कर्मचारी जलकर मरा; सफाई के वक्त मिली लाश
गुरुग्राम के बसई गांव में एक फिनाइल की दुकान में आग लगने से एक कर्मचारी जल गया। गुरुवार रात हुई इस घटना में, दुकान मालिक और पड़ोसियों ने खुद ही आग बुझ ...और पढ़ें

गुरुग्राम में फिनाइल की दुकान में लगी आग। फोटो: एआई जनरेटेड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर नौ थाना क्षेत्र के बसई गांव में गली नंबर आठ स्थित एक फिनाइल दुकान में गुरुवार रात आग लग गई है। हादसे में दुकान में काम करने वाला एक युवक जल गया।
शुक्रवार सुबह जब दुकान की सफाई की गई तो युवक का शव मिला। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
सुबह सफाई के दौरान मिला जला हुआ शव
सेक्टर नौ थाना पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह दुकान मालिक ने पुलिस को शव मिलने की सूचना दी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पता चला कि यहां पर फिनाइल की दुकान है और यहां पर गुरुवार रात किसी कारण से आग लग गई थी।
आसपास के लोगों और दुकान के मालिक ने फायर ब्रिगेड को सूचना नहीं दी और उन्होंने स्वयं ही आग बुझा ली। शव की पहचान मध्य प्रदेश के रहने वाले हेतराम के रूप में की गई।
शराब पीने के बाद दुकान में ही सो गया था
दुकान मालिक ने बताया कि 35 वर्षीय हेतराम उनकी दुकान में साफ सफाई का काम करता था। वह शराब पीने का आदी था, आशंका है कि गुरुवार रात वह दुकान में ही सो गया। इसी दौरान उसमें आग लग गई।
हालांकि, जब आग बुझाई जा रही थी, तब इसकी जानकारी नहीं मिली थी और न ही कोई चीख पुकार की आवाज आई। सुबह जब दुकान मालिक दुकान की सफाई करने पहुंचे तब अंदर जला हुआ शव पाया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस स्वजन का इंतजार कर रही है। स्वजन के आने के बाद शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।