गुरुग्राम में खोदाई के दौरान फटी PNG पाइपलाइन, 3 घंटे तक चला रेस्क्यू; हजारों घरों में नहीं बना खाना
गुरुग्राम के सेक्टर-56 में खोदाई के दौरान पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गैस रिसाव हुआ, जिससे हजारों घरों में आपूर्ति बाधित हुई। हरियाणा गैस एजें ...और पढ़ें

सूचना मिलते ही हरियाणा गैस एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची और पीछे से सप्लाई बंद कर दी। इससे आग नहीं लगी। एआई इमेज
HighLights
सेक्टर-56 में खोदाई से पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई।
गैस रिसाव से हजारों घरों में आपूर्ति बाधित हुई।
हरियाणा गैस एजेंसी ने तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-56 इलाके में एक भवन के निर्माण कार्य के दौरान की जा रही खोदाई से पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कुछ देर तक गैस का रिसाव हो गया। सूचना मिलते ही हरियाणा गैस एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची और पीछे से सप्लाई बंद कर दी। इससे आग नहीं लगी। हालांकि, गैस के रिसाव की सूचना फैलते ही आसपास के इलाकों में काफी देर तक हड़कंप मचा रहा। समाचार लिखे जाने तक पाइपलाइन ठीक करने का काम जारी था।
रात 11 बजे तक पाइपलाइन ठीक करते रहे
शुक्रवार शाम लगभग छह बजे अग्निशमन विभाग को सूचना मिली कि सेक्टर-56 इलाके में पीएनजी पाइपलाइन में रिसाव हो रहा है। इससे आग लगने की आशंका है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक गैस एजेंसी की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी थी। टीम ने सबसे पहले पीछे से गैस की सप्लाई बंद कराई। इसके बाद पाइपलाइन को ठीक करने काम शुरू किया गया। रात 11 बजे तक पाइपलाइन ठीक करने का काम जारी था।
लापरवाहों पर हो सख्त कार्रवाई
सेक्टर-56, वजीराबाद, सुशांत लोक सहित डीएलएफ के कई इलाकों में गैस की आपूर्ति बाधित हो गई है। अग्निशमन अधिकारी मामचंद शर्मा का कहना है कि जैसे ही सूचना मिली, एक गाड़ी मौके लिए रवाना कर दी गई क्योंकि गैस का रिसाव होते ही आग लगने की आशंका रहती है। सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष हरीश यादव का कहना है कि जिसकी लापरवाही से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है, उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
खोदाई के दौरान की लापरवाही
हजारों घरों में शाम का खाना नहीं बन पाया। जिन लोगों के पास पीएनजी का कनेक्शन है, उनमें से अधिक लोगों ने गैस सिलिंडर रखना बंद कर दिया है। खासकर सोसायटियों में रहने वालों को काफी परेशानी हो गई है। सभी को पता है कि किस जगह से गैस पाइपलाइन जा रही है। फिर भी खोदाई के दौरान लापरवाही बरती गई।
खबरें और भी
"खोदाई के दौरान पीएनजी की मेन पाइपलाइन में क्रैक आया है। एजेंसी ने तत्काल प्रभाव से पीछे से आपूर्ति बंद कर पाइपलाइन की मरम्मत शुरू कर दी है। मामले की जांच कराई जाएगी। जिसकी लापरवाही सामने आएगी, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से काफी संख्या में परिवारों को परेशानी हुई है। किसी भी हाल में लापरवाह को बक्शा नहीं जाएगा।"
-संजीव सिंगला, एसडीएम, बादशाहपुर।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में सिग्नल फ्री सफर का महाप्लान, वाटिका चौक से घाटा मोड़ तक एलिवेटेड SPR; 30 सेक्टर होंगे जाम फ्री
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार का कहर, बलेनो सवार ने 2 दोस्तों को मारी टक्कर; सड़क पर तड़पता छोड़कर भागा