Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अपराधियों की अब खैर नहीं! गुरुग्राम में खुलीं 3 नई क्राइम ब्रांच यूनिट

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 04:29 PM (IST)

    गुरुग्राम पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने और जांच में तेजी लाने के लिए तीन नई क्राइम ब्रांच यूनिट (सेक्टर-65, बिलासपुर, द्वारका बॉर्डर) का गठन किया है। ...और पढ़ें

    गुरुग्राम पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने और जांच में तेजी लाने के लिए तीन नई क्राइम ब्रांच यूनिट (सेक्टर-65, बिलासपुर, द्वारका बॉर्डर) का गठन किया है।

    गुरुग्राम पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने और जांच में तेजी लाने के लिए तीन नई क्राइम ब्रांच यूनिट (सेक्टर-65, बिलासपुर, द्वारका बॉर्डर) का गठन किया है। 

    HighLights

    1. गुरुग्राम में तीन नई क्राइम ब्रांच यूनिटें गठित।

    2. कुल क्राइम यूनिटों की संख्या अब 14 हुई।

    3. अपराध नियंत्रण और जांच में तेजी लाना लक्ष्य।

    विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने और गंभीर मामलों की जांच तेज करने के लिए शहर में तीन नई क्राइम ब्रांच यूनिट गठित की हैं। सेक्टर-65, बिलासपुर और द्वारका बार्डर के नाम से खुलीं इन यूनिटों के साथ अब जिले में कुल क्राइम यूनिटों की संख्या 14 हो गई है। इससे पहले गुरुग्राम में 11 क्राइम यूनिट काम कर रही थीं।

    पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गठित की गई ये तीनों यूनिटें जिले के सीमाई और संवेदनशील इलाकों में तैनात की गई हैं। जिन क्षेत्रों में नई यूनिटों का गठन किया गया है, उन क्षेत्रों में आए दिन लूट, वाहन चोरी, हत्या, चोरी और अन्य गंभीर वारदात सामने आ रही थीं। नई यूनिटों के गठन का मुख्य मकसद पुलिस का रिस्पांस टाइम कम करना, गंभीर मामलों में तेजी और इलाके में मुखबिर नेटवर्क को मजबूत करना है। पहले से काम कर रहीं 11 क्राइम यूनिटों का भार भी कम होगा।

    सेक्टर-65 यूनिट संभालेगी हाईप्रोफाइल इलाका

    नई बनाई गई सेक्टर-65 क्राइम ब्रांच सोहना रोड, गोल्फ कोर्स रोड और उसके आसपास के हाईप्रोफाइल इलाकों की जिम्मेदारी संभालेगी। इस क्षेत्र में कारपोरेट आफिस, लग्जरी सोसाइटी और शापिंग माल हैं। यहां चेन स्नेचिंग, कार चोरी, गोलीबारी और फ्राड के मामले लगातार हो रहे हैं। नई यूनिट के आने से इन मामलों की त्वरित जांच और आरोपितों की धरपकड़ में मदद मिलेगी।

    बिलासपुर यूनिट रखेगी सीमाई क्षेत्र और औद्योगिक क्षेत्र पर नजर

    बिलासपुर में खुली क्राइम ब्रांच पचगांव और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र पर फोकस करेगी। इस इलाके में फैक्ट्रियों और वेयरहाउस में चोरी, लूट और कर्मचारियों से जुड़े अपराधों की शिकायतें हैं। इसके अलावा हाईवे से जुड़े होने के कारण यहां लूट और वाहन संबंधी अपराध भी होते रहते हैं। नई यूनिट इंडस्ट्रियल एरिया में गश्त बढ़ाएगी और फैक्ट्री प्रबंधन के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करेगी।

    द्वारका बॉर्डर यूनिट करेगी गैंग एक्टिविटी पर वार

    द्वारका बॉर्डर यूनिट गुरुग्राम-दिल्ली सीमा से सटे इलाकों में सक्रिय रहेगी। इस क्षेत्र में वाहन चोरी, लूट और अंतरराज्यीय गैंगों की गतिविधियों रहती हैं। दिल्ली से सटे होने के कारण अपराधी वारदात के बाद आसानी से सीमा पार कर जाते थे। नई यूनिट बॉर्डर पर चेकिंग बढ़ाएगी और अपराधियों पर लगाम कसेगी।

    पुलिस के अनुसार नई यूनिटों में अनुभवी निरीक्षकों और जांच अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक यूनिट को अलग से वाहन, तकनीकी उपकरण और खुफिया तंत्र दिया गया है।

    क्राइम ब्रांच की संख्या बढ़ने से जहां एक तरफ अपराधियों पर लगाम कस सकेगी तो केसों के निपटारे में भी तेजी आएगी। सीमाई इलाकों में अपराधियों पर दबाव बनेगा और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा।

    -नवीन शर्मा, एसीपी क्राइम

    यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में जलभराव पर नगर निगम का सख्त एक्शन, लापरवाही बरतने पर JE सुमित चहल सस्पेंड 

    खबरें और भी