Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आधे घंटे की बारिश से गुरुग्राम में तैयारियों की खुली पोल, हीरो होंडा चौक पर भरा पानी; सड़कों पर लगा लंबा जाम

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 04:07 PM (IST)

    गुरुग्राम में मंगलवार को 40 मिनट की 35 एमएम बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया, जिससे नगर निगम और अन्य विभागों की मानसून तैयारियों की पोल खुल गई। सड़कों प ...और पढ़ें

    शीतला माता रोड पर लगा लंबा जाम। फोटो- संजय।

    शीतला माता रोड पर लगा लंबा जाम। फोटो- संजय।

    HighLights

    1. 40 मिनट की बारिश से गुरुग्राम में भारी जलभराव।

    2. नगर निगम और अन्य विभागों की मानसून तैयारी फेल।

    3. सड़कों पर तालाब, लंबा ट्रैफिक जाम, जनजीवन अस्त-व्यस्त।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट के बीच मंगलवार दोपहर करीब 40 मिनट तक हुई सिर्फ 35 एमएम वर्षा ने एक बार फिर नगर निगम गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) , एनएचएआई और अन्य संबंधित विभागों की मानसून तैयारियों की हकीकत सामने ला दी।

    यदि सभी विभाग समय रहते नालों की सफाई, ड्रेनेज नेटवर्क का विस्तार और अधूरे कार्य पूरे कर लेते तो शहर की सड़कें और रिहायशी इलाके इस तरह जलमग्न नहीं होते।

    वर्षा शुरू होते ही शहर के 50 से अधिक क्षेत्रों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक एक से डेढ़ फुट पानी भर गया, जिससे लंबा जाम लग गया। द्वारका एक्सप्रेसवे पर दौलताबाद फ्लाईओवर की सर्विस रोड के दोनों ओर जलभराव के कारण वाहन रेंगते नजर आए।

    Shitla

    राजेंद्रा पार्क के चौमा रोड पर डेढ़ से दो फुट पानी भरने से कई वाहन बीच सड़क में बंद हो गए। न्यू पालम विहार, न्यू कॉलोनी, मदनपुरी, रेलवे रोड, सेक्टर-4 मार्केट, सेक्टर-5, 9, 9ए, 10 और सेक्टर-47 सहित अनेक क्षेत्रों में लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।

    हालांकि, जिन स्थानों पर पहले से ड्रेनेज सुधार, नालों की सफाई, मलबा हटाने और अतिरिक्त जल निकासी की व्यवस्था की गई थी, वहां पहले से कुछ राहत देखने को मिली। इसके बावजूद शहर के अधिकांश हिस्सों में लोगों को जलभराव और जाम की समस्या से जूझना पड़ा। कई दुकानों और मकानों में भी पानी घुस गया।

    खबरें और भी

    WhatsApp Image 2026-07-28 at 15.38.04

    शीतला माता रोड पर फिर हुआ जलभराव

    शीतला माता रोड पर एक बार फिर जलभराव की समस्या सामने आई। सड़क पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों का कहना है कि यहां हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया। जीएमडीए के अधिकारियों का कहना है यहां पर ड्रेन निर्माण कार्य चल रहा है।

    SPR और एक्सटेंशन पर राहत मिली, हाईवे पर ट्रेंचलेंस तकनीक काम आई

    कुछ स्थानों पर जीएमडीए द्वारा किए गए कार्यों का असर भी दिखाई दिया। दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर पानी तो जमा हुआ, लेकिन ट्रेंचलेस तकनीक से बिछाई गई पाइपलाइन के माध्यम से दोनों ओर से पानी की निकासी तेजी से हो गई। सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर), एआइटी चौक और नरसिंहपुर क्षेत्र में पहले से नालों की सफाई, मलबा हटाने, अतिरिक्त ड्रेन इनलेट बनाने तथा ग्रीन बेल्ट का स्तर नीचे करने जैसे कार्यों के कारण कई स्थानों पर पानी अधिक देर तक नहीं रुका। इससे यातायात भी जल्दी सामान्य हो गया।

    WhatsApp Image 2026-07-28 at 15.35.17

    स्कूली वाहन ट्रैफिक जाम में फंसे, देरी से घर पहुंचे

    तेज वर्षा के बाद शहर के कई मुख्य सड़कों पर लगे लंबे ट्रैफिक जाम का असर स्कूली वाहनों पर भी पड़ा। जलभराव और रेंगते यातायात के कारण कई स्कूल बसें और वैन घंटों जाम में फंसी रहीं। इससे बड़ी संख्या में विद्यार्थी निर्धारित समय से काफी देर बाद अपने घर पहुंच सके, जिससे अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई।

    कहां-कितनी हुई वर्षा (सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक)

    क्षेत्रवार वर्षा (मिमी)
    क्षेत्र वर्षा (मिमी)
    सोहना 86
    फरुखनगर 56
    वजीराबाद 49
    गुरुग्राम 35
    कादीपुर 27
    हरसरू 27
    मानेसर 21
    बादशाहपुर 8
    पटौदी 8

    न्यू कॉलोनी बनी तालाब, ट्रैक्टर से सड़क पार कराए गए स्कूली बच्चे

    गुरुग्राम की न्यू कालोनी में मंगलवार की तेज वर्षा के बाद सबसे गंभीर हालात देखने को मिले। कॉलोनी की कई सड़कें दो से तीन फुट तक पानी में डूब गईं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल से लौट रहे बच्चों को हुई।

    कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से स्कूली बच्चों को जलभराव वाली सड़कें पार कराईं। जलभराव इतना अधिक था कि कई दुकानों और मकानों में भी वर्षा का पानी घुस गया। दुकानदारों को सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। सड़क पर खड़े कई दुपहिया और चारपहिया वाहन भी पानी में फंस गए।

    यह भी पढ़ें- बारिश से दिल्ली-NCR बेहाल, गुरुग्राम में 40 मिनट की बारिश से सड़कें बनीं तालाब; नोएडा-गाजियाबाद का भी बुरा हाल