'फरीदाबाद को गुरुग्राम जैसा अर्बन सेंटर बनाने की तैयारी', CM नायब सैनी बोले- हिसार एयरपोर्ट 24x7 होगा संचालित
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की है कि फरीदाबाद को गुरुग्राम की तरह विकसित किया जाएगा और हिसार एयरपोर्ट अब 24 घंटे संचालित होगा। ...और पढ़ें

गुरुग्राम के सेक्टर-26 स्थित ली मेरेडियन होटल में आयोजित ‘दैनिक जागरण विमर्श’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फोटो : संजय
HighLights
फरीदाबाद को गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
हिसार एयरपोर्ट 24 घंटे संचालित होगा, IFR मंजूरी मिली।
फरीदाबाद में 1550 करोड़ का एलिवेटेड रोड निर्माणाधीन।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार फरीदाबाद को गुरुग्राम की तरह विकसित शहरी केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। साथ ही हिसार एयरपोर्ट को पूर्ण रूप से 24 घंटे संचालित करने और बड़े औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की योजना है। ‘दैनिक जागरण विमर्श’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फरीदाबाद को आधुनिक और आत्मनिर्भर शहर बनाने के लिए सरकार कनेक्टिविटी, मेट्रो विस्तार और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
फरीदाबाद में विकास के प्रमुख प्लान
- 1550 करोड़ रुपये की लागत से 17 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड निर्माणाधीन है, जो पूर्वी फरीदाबाद को पश्चिमी फरीदाबाद से जोड़ेगा। इस सड़क से फरीदाबाद गुरुग्राम, मानेसर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के साथ बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
- दिल्ली एयरपोर्ट को गुरुग्राम, फरीदाबाद और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने वाली रैपिड मेट्रो का कार्य 2026 में पूरा होने वाला है। बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार भी तेज गति से चल रहा है।
- केएमपी एक्सप्रेसवे के दोनों ओर पांच नए स्मार्ट शहर विकसित किए जाएंगे, जिसमें फरीदाबाद-पलवल क्षेत्र शामिल है। नहरपार ग्रेटर फरीदाबाद अब हाईराइज बिल्डिंग्स और बिजनेस पार्क का नया हॉटस्पॉट बनता जा रहा है।
हिसार एयरपोर्ट से बढ़ाईं उड़ानें
हिसार एयरपोर्ट को मिली बड़ी सफलता मुख्यमंत्री ने बताया कि हिसार एयरपोर्ट का विकास कार्य तेज गति से चल रहा है। डीजीसीए ने 24 फरवरी 2026 को आईएफआर (इंस्ट्रूमेंट फ्लाइट रूल्स) मंजूरी दे दी है। इसके बाद अब रात के समय और खराब मौसम में भी उड़ानें संचालित की जा सकेंगी।
हिसार से बढ़ाई गईं उड़ानें
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास 2988 एकड़ भूमि पर इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) विकसित किया जाएगा। इसमें पहला चरण 1605 एकड़ और दूसरा चरण 1383 एकड़ का होगा। इसके अलावा विंटर शेड्यूल में हिसार से दिल्ली, जयपुर, अयोध्या और चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट्स की संख्या भी बढ़ा दी गई है। इसके तहत विंटर शेड्यूल में हिसा-दिल्ली, हिसार-जयपुर, हिसार-अयोध्या हफ्ते में दो बार, हिसार-चंड़ीगढ़ हफ्ते में तीन बार हो गई हैं।

फरीदाबाद के चौतरफा विकास का महा-प्लान
सीएम सैनी ने कहा कि यमुना किनारे विकास, अमृत 2.0 योजना के तहत पेयजल व्यवस्था सुधार और 1700 करोड़ रुपये के सड़क, सीवर व पानी की योजनाओं से फरीदाबाद में शहरी सुविधाएं और मजबूत होंगी।