Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    DCP मानेसर के सामने कई चुनौतियां, श्रमिकों का मुद्दा बड़ी टेंशन; क्राइम पर कैसे लगाएंगी लगाम? दिया हर सवाल का जवाब

    Updated: Mon, 27 Apr 2026 01:53 PM (GMT+05:30)

    डीसीपी मानेसर प्रबीना पी. ने गुरुग्राम में अपनी प्राथमिकताओं पर बात की, जिसमें गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और सीसीटीवी कैमरे लगाना शामिल है ...और पढ़ें

    डीसीपी मानेसर प्रबीना पी.। फाइल फोटो

    डीसीपी मानेसर प्रबीना पी.। फाइल फोटो

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर सिटी के अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग तरह के अपराध हैं। मानेसर में जहां इंडस्ट्रियल एरिया में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा है तो घाटी होने की वजह से यहां हत्या कर शव को ठिकाने लगाना अपराधियों के लिए आसान है।

    ग्रामीण इलाका होने के कारण गांवों में लड़ाई-झगड़े के मामले भी हर दिन आते रहते हैं। छोटी सी बात को लेकर भी बड़ा अपराध होता है। इन दिनों मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में हजारों श्रमिकों के वेतन का मुद्दा भी गरमाया हुआ है। कुछ इन्हीं मुद्दों को लेकर दैनिक जागरण के वरिष्ठ संवाददाता विनय त्रिवेदी ने डीसीपी मानेसर प्रबीना पी. से विस्तृत बातचीत की। प्रस्तुत है बातचीत के मुख्य अंश...

    आपको गुरुग्राम में तीन सप्ताह हो गए हैं, कैसा अनुभव रहा। किस क्षेत्र में ज्यादा काम करने की आवश्यकता है?

    चार अप्रैल को मैंने गुरुग्राम में ज्वॉइन किया था। आने के बाद से ही यहां पर श्रमिकों के वेतन का मुद्दा चल रहा है। उनका इश्यू पूरी तरह शॉर्ट आउट होने के बाद आगे क्षेत्र में व्याप्त अन्य चीजों पर गहनता से काम किया जाएगा। फिलहाल उन्हें जागरूक किया जा रहा है। गुरुग्राम पुलिस पहले से ही अच्छा काम कर रही है। जो अच्छे काम चल रहे हैं उन्हें और बेहतर तरीके से किया जाएगा और उन कामों को आगे बढ़ाया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि अपराध कम करने और अपराधियों को पकड़ने की दिशा में गुरुग्राम पुलिस काम कर रही है। मानेसर क्षेत्र में कई और चीजों पर काम करने की आवश्यकता है। इंडस्ट्रियल एरिया होने के कारण इस क्षेत्र में पुलिस मुस्तैदी बढ़ाई जाएगी। लोगों में पुलिस की अच्छी भावना प्रकट हो, इस पर जोर रहेगा।

    आपकी क्या प्राथमिकता रहेगी?

    खबरें और भी

    हरियाणा पुलिस की सेवा सुरक्षा के अनुरूप ही जनता की सेवा और सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए कई कदम उठाए जाएंगे। मानेसर जोन में पड़ने वाले सभी गांवों का सर्वे किया गया है। यहां के लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाएगी। गांवों के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम की मदद ली जाएगी। उन्हें सर्वे की जानकारी दी गई है। जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगने से चौबीसों घंटे सभी गांव पुलिस की निगरानी में रहेंगे।

    बताया कि गांवों में मुखबिर तंत्र को मजबूत किया जाएगा। थानों के रख-रखाव के लिए जोर होगा। महिला विरुद्ध अपराध कम करेंगे। जो भी व्यक्ति थाने में शिकायत देने के लिए आ रहा है, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उसकी शिकायत बिना किसी परेशानी के दर्ज हो। अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम किया जाएगा।

    औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर क्या योजनाएं हैं?

    डीजीपी और पुलिस कमिश्नर के दिशा-निर्देश पर काम करते हुए महिला अपराध को कम करना और महिलाओं की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। इसको देखते हुए थाना स्तर पर निर्देश दिए जा रहे हैं। कामकाजी महिलाओं के आफिस जाने और वहां से निकलने के समय में निगरानी बढ़ाई जाएगी। वैसे पहले से ही महिला सुरक्षा के लिए क्षेत्र में सादी वर्दी में महिला पुलिस कर्मी तैनात हैं। उन्हें और सजगता के साथ काम के लिए कहा जाएगा।

    बताया कि हर स्कूल, कॉलेज और कंपनियों में जागरूकता कार्यक्रम कराकर महिलाओं काे जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा यह देखा गया है कि औद्योगिक क्षेत्र में पैदल जाने वाले श्रमिकों के साथ मोबाइल व नकदी की छीनाझपटी और बाइक चोरी की घटनाएं हैं। अन्य स्ट्रीट क्राइम व ऐसे अपराधों को रोकने के लिए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।

    मानेसर घाटी में कई प्रकार की वारदातें होती हैं, इन्हें रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे?

    यहां ज्वॉइन करने के बाद मैंने भी इस बारे में रिव्यू किया है। यहां से नेशनल हाईवे गुजरता है और मानेसर घाटी से छोटे रास्ते से जुड़ता है। यहां पर ज्यादा आवागमन भी नहीं है। ऐसे में अपराधी यहां वारदात कर निकल जाते हैं। यहां अधिक काम करने की जरूरत है। मॉनिटरिंग के लिए यहां पर जगह-जगह कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिसकर्मियों के लिए प्वाइंट फिक्स करेंगे। ईआरवी का रूट वहां पर लगाएंगे। टेक्नोलॉजी और पुलिस प्रेजेंस रहने से इस तरह की वारदात रोकने में सफलता मिलेगी।

    इसके साथ ही जोन में आने वाले सभी पीजी, होटल, गेस्ट हाउस में किराये पर रहने वालों का वेरिफिकेशन सौ प्रतिशत हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। वेरिफिकेशन से अपराधियों की पहचान करने में मदद मिलती है।

    लोगों से कोई अपील करना चाहेंगी।

    पुलिस हर समय नागरिकों की सुरक्षा के लिए सगज है। बहुत सी चीजें ऐसी होती हैं, जो दिमाग में नहीं आतीं। ऐसे में जरूरी है कि लोग सुझाव लेकर पुलिस के पास आएं। अपने लिखित सुझाव वह कार्यालय आकर दे सकते हैं, उन पर अमल कर सुरक्षा के लिए बेहतर काम किया जा सकता है। नागरिकों को जागरूक होना होगा और पुलिस की मदद करनी होगी। लोग अगर एक कदम आगे बढ़ाएंगे तो पुलिस दो कदम आगे बढ़ाएगी।

    यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में चौथी पास ने खड़ा किया धोखाधड़ी का अंतरराज्यीय गिरोह, फिल्मी सितारों को भी ठगा