सोहना में कब्जामुक्त 9.5 एकड़ जमीन की घेराबंदी शुरू, पर्यटन विभाग बनाएगा बाउंड्री वॉल
पर्यटन विभाग ने सोहना में अतिक्रमण मुक्त कराई गई 9.5 एकड़ भूमि की घेराबंदी शुरू कर दी है। इस पर 80 लाख रुपये की लागत से छह फीट ऊंची बाउंड्री वॉल बनाई ...और पढ़ें

पर्यटन विभाग ने सोहना में अतिक्रमण मुक्त कराई गई 9.5 एकड़ भूमि की घेराबंदी शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, सोहना। प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के बाद पर्यटन विभाग ने अपनी करीब साढ़े नौ एकड़ कब्जामुक्त भूमि की घेराबंदी शुरू कर दी है। विभाग इस भूमि के चारों ओर छह-छह फीट ऊंची बाउंड्री वाल का निर्माण करा रहा है। इस कार्य पर करीब 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य की निगरानी के लिए मौके पर सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए हैं।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पिछले करीब दस दिनों से बाउंड्री वाल का निर्माण जारी है। एक हिस्से में दीवार का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष हिस्से में कार्य तेजी से चल रहा है। घेराबंदी पूरी होने के बाद भूमि पर पर्यटन विकास की योजनाएं तैयार की जाएंगी।
गौरतलब है कि वार्ड-13 स्थित पीर कालोनी और पहाड़ कालोनी क्षेत्र में पर्यटन विभाग की इस भूमि पर करीब छह दशक से अवैध कब्जे थे। यहां लगभग 250 मकान और कोठियां बनी हुई थीं। कई स्थानों पर बिजली, पानी सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध थीं।
लोगों के राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र भी बने हुए थे। कुछ माह पहले प्रशासन ने भारी पुलिस बल, जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। कार्रवाई का नेतृत्व तत्कालीन नोडल अधिकारी एवं डीटीपी आरएस बाठ ने किया था।
खबरें और भी
पर्यटन विभाग के स्थानीय प्रबंधक सुनील शर्मा ने बताया कि भूमि पर विभाग का कब्जा सुनिश्चित करने के लिए बाउंड्री वाल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार इस भूमि पर पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी।