मुनीमपुर हादसा: दिवंगतों की याद में हवन, याकुबपुर के सरपंच अमरजीत प्रधान के प्रयासों से पीड़ितों को मिले 5-5 लाख के चेक
झज्जर के मुनीमपुर गांव में हुए दुखद हादसे में जान गंवाने वाले चार युवकों की याद में हवन किया गया। ...और पढ़ें

दिवंगतों की याद में हवन (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, झज्जर। क्षेत्र के मुनीमपुर गांव में हुए दुखद हादसे में जान गंवाने वाले चारों बहादुर युवकों की आत्मशांति और स्मृति में गांव में एक विशाल हवन-पूजन का आयोजन किया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से पहुंचे प्रबुद्धजनों, ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों ने चारों युवकों के जज्बे को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में एसडीएम विशाल कुमार सहित प्रशासनिक टीम भी विशेष रूप से उपस्थित रही।
आसपास के गांवों से आए प्रबुद्धजनों और गणमान्य लोगों ने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया और चारों युवकों की बहादुरी व भावना को नमन किया। इससे पूर्व प्रशासनिक समझौते और राहत प्रक्रिया की कड़ी में, याकुबपुर के सरपंच अमरजीत प्रधान के प्रयासों से हॉराइजन इंडस्ट्रियल पार्क ने पीड़ितों के लिए 5-5 लाख रुपये की मदद का एलान किया।
अमरजीत प्रधान ने व्यक्तिगत रूप से पीड़ित परिवारों को एक-एक लाख की सहायता राशि दान की। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि समझौते के तहत तय बाकी आर्थिक मदद भी जल्द ही परिवारों तक पहुंचेगी।

7 घंटे की बातचीत के बाद बनी थी सहमति
गौरतलब है कि बीते रविवार की रात बछड़े को बचाने की प्रक्रिया में मुनीमपुर गांव में कुएं में डूबने से चार युवकों की मौत के बाद उठे जनआक्रोश को शांत करने के लिए सर्व समाज और प्रशासन के बीच लंबी बातचीत हुई थी।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- बछड़े को बचाते-बचाते चार लोगों की मौत, झज्जर में महापंचायत ने उठाई पीड़ितों के लिए शहीद के दर्जे और मुआवजे की मांग
इसी क्रम में बीते सोमवार को उपायुक्त वर्षा खांगवाल, एसडीएम विशाल कुमार, विधायक कुलदीप वत्स, भाजपा राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना और 30 सदस्यीय ग्रामीण कमेटी के बीच करीब 7 घंटे चली मैराथन बैठक के बाद गतिरोध खत्म हुआ था।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बने प्रमुख समझौते
41-41 लाख रुपये की सहायता: प्रत्येक पीड़ित परिवार को कुल 41 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी, जिसमें सरकार, रिलायंस, कंपनी सहयोग (याकुबपुर सरपंच अमरजीत प्रधान के माध्यम से), NSUI के युवा चेहरे हितेश गुलिया और जनप्रतिनिधियों का व्यक्तिगत सहयोग शामिल है।
योग्यतानुसार नौकरी: मृतकों के आश्रितों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
स्मृति स्थल का निर्माण: गांव की पंचायती जमीन पर चारों युवकों की याद में एक भव्य 'स्मृति स्थल' बनाया जाएगा।
दोषियों पर कार्रवाई: हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ जांच के बाद सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। जिसके लिए एसडीएम की अगुवाई में मजिस्ट्रेट जांच प्रारंभ हो चुकी है।