विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुरुक्षेत्र: LNJP अस्पताल से फरार हुआ कैदी, सुरक्षा कर्मी संग पानी पीने निकला था बाहर; CCTV में कैद हुई घटना

Published: Sat, 05 Sep 2026 02:20 PM (IST)

कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल से 27 वर्षीय कैदी सतिंदर सुरक्षाकर्मी को चकमा देकर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

एलएनजेपी अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हुआ कैदी।

एलएनजेपी अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हुआ कैदी।

HighLights

  1. 27 वर्षीय कैदी सतिंदर एलएनजेपी अस्पताल से फरार हो गया।

  2. सुरक्षाकर्मी के साथ पानी पीने के बहाने बाहर निकला बंदी।

  3. फरार होने की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) के कैदी वार्ड में दाखिल 27 वर्षीय बंदी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गया। बंदी पानी पीने का बहाना बनाकर सुरक्षा कर्मी के साथ कैदी वार्ड से बाहर निकला और मौका पाकर वहां से भाग गया। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बंदी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बंदी सतिंदर के खिलाफ चैन स्नेचिंग का मामला दर्ज है। 4 सितंबर को जेल पुलिस उसे आत्महत्या के प्रयास के मामले में उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लेकर पहुंची थी। बताया गया कि उस दिन बंदी की नाक से खून भी आया था। चिकित्सकीय जांच के बाद उसे अस्पताल के कैदी वार्ड में दाखिल किया गया था।

सुबह 5:56 बजे रैंप से भागता दिखा

सीसीटीवी फुटेज में घटना का पूरा घटनाक्रम सामने आया है। सुबह करीब 5:56 बजे बंदी सतिंदर रैंप से अकेला भागता हुआ दिखाई दे रहा है। इससे पहले वह पानी पीने के बहाने सुरक्षा कर्मी के साथ बाहर निकला था। इसके बाद वह सुरक्षा कर्मी की नजर से बचकर अस्पताल परिसर से निकल गया।

यह भी पढ़ें- कुरुक्षेत्र में रिसेप्शनिस्ट और युवक ने जहर निगलकर दी जान, तीसरे चेहरे की एंट्री से उलझा मामला; जांच में जुटी पुलिस

सुरक्षा कर्मी वापस आया, फिर तलाश में निकला

फुटेज के अनुसार बंदी के भागने के बाद सुरक्षा कर्मी वापस कैदी वार्ड में पहुंचा और वहां बंदी को तलाशता दिखाई दिया। जब बंदी वहां नहीं मिला तो सुरक्षा कर्मी अस्पताल परिसर के बाहर उसकी तलाश में जाता दिखाई दिया।

घटना ने कैदी वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही फरार बंदी के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है।

बंदी की तलाश की जा रहा: एसएचओ

केयूके थाना प्रभारी जसविंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। फरार होने वाले बंदी की तलाश की जा रही है। इसमें मामला दर्ज किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- कुरुक्षेत्र के बारना में दर्दनाक हादसा, खेत में बिजली का तार ठीक करते वक्त वार्ड अटेंडेंट की करंट से मौत