महेंद्रगढ़ के हजारों लोगों का सफर होगा आसान, ब्रहमचारी सड़क मार्ग बनाने के लिए नया टेंडर जारी
महेंद्रगढ़ के ब्रह्मचारी मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए नगर पालिका ने 33.61 लाख रुपये का नया टेंडर जारी किया है। मानसून के बाद सड़क का निर्माण कार्य युद ...और पढ़ें

ब्रहमचारी सड़क मार्ग का 33.61 लाख का नया टेंडर जारी किया गया।
HighLights
ब्रह्मचारी मार्ग के लिए 33.61 लाख का नया टेंडर जारी।
पुरानी एजेंसी का टेंडर रद्द, नई को कार्य आवंटित।
मानसून के बाद शुरू होगा सड़क निर्माण कार्य।
मोहनलाल अग्रवाल, महेंद्रगढ़। शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में शुमार 'ब्रह्मचारी मार्ग' के निर्माण का मार्ग आखिरकार प्रशस्त हो गया है। पिछले लंबे समय से बदहाली और जानलेवा गड्ढों का दंश झेल रहे स्थानीय निवासियों, राहगीरों और दुकानदारों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है।
नगर पालिका प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए इस मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 33.61 लाख का नया टेंडर जारी कर दिया है। मानसून का मौसम खत्म होते ही अगले महीने से इस सड़क का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, इस 430 मीटर लंबे मार्ग के निर्माण का टेंडर लगभग एक वर्ष पूर्व ही जारी कर दिया गया था। हालांकि, संबंधित निर्माण एजेंसी ने काम में घोर लापरवाही दिखाई और काम शुरू करने में कोई रुचि नहीं ली।
नगर पालिका प्रशासन ने जनहित को ध्यान में रखते हुए एजेंसी को पहले 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया और पेनल्टी भी लगाई। इसके बावजूद जब निर्माण कार्य में कोई प्रगति नहीं हुई, तो प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पुरानी एजेंसी का टेंडर रद कर दिया और उसकी सिक्योरिटी डिपाजिट राशि (प्रतिभूति राशि) जब्त कर ली। इसके तुरंत बाद पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नई एजेंसी को कार्य अलाट कर दिया गया।
खबरें और भी
ख्यालीराम धर्मशाला से देवीलाल पार्क तक मिलेगी राहत
ख्यालीराम धर्मशाला से देवीलाल पार्क तक बनने वाले इस मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, उड़ती धूल और बिखरे हुए पत्थरों के कारण दैनिक यात्रियों, वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को बेहद असुरक्षित माहौल में आवागमन करना पड़ रहा था। टेंडर अलाटमेंट की खबर से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही शहर को धूल और गड्ढों से मुक्ति मिलेगी।
बता दें कि यह मार्ग केवल स्थानीय मोहल्लों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे शहर के यातायात ढांचे के लिए रीढ़ की हड्डी की तरह काम करता है। यह सड़क पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, विधायक कंवर सिंह यादव और पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह के आवासों को शहर से जोड़ती है।
यह रास्ता सतनाली मोड़, महाराणा प्रताप चौक और पीर बाबा स्थल तक जाने का मुख्य मार्ग है। 11 हट्टा बाजार के आसपास स्थित घनी आबादी वाले मोहल्लों के लोगों के लिए बस स्टैंड से आटो मार्केट तक पहुंचने का यह सबसे सुगम और छोटा रास्ता है।
यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़ के 80 हजार संपत्ति मालिकों को झटका, अब कलेक्टर रेट से वसूला जाएगा प्रॉपर्टी टैक्स
यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़ में SIR से बदले राजनीतिक समीकरण, हर विधानसभा क्षेत्र से कट गए 15 हजार से ज्यादा वोट
राव बहादुर के आवास से प्रताप चौक वाले टुकड़े की भी उठे मांग
जहां 430 मीटर के नए पैच की मंजूरी से लोगों में संतोष है, वहीं स्थानीय निवासियों ने नपा प्रशासन से सड़क के दूसरे हिस्से की ओर भी ध्यान देने की अपील की है।
पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह के आवास से लेकर महाराणा प्रताप चौक तक का हिस्सा पिछली योजना में बनाया गया था, लेकिन घटिया निर्माण के कारण वह जल्दी ही उखड़ गया था।
उस समय केवल पैचवर्क करके मामला शांत करा दिया गया था, जो ज्यादा दिन टिकाऊ साबित नहीं हुआ। लोगों की मांग है कि भविष्य में इस दूसरे टुकड़े का भी नया एस्टीमेट बनाकर पक्का निर्माण कराया जाए।
शहर के विकास और सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। 33.61 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 430 मीटर लंबे ब्रह्मचारी मार्ग का टेंडर नई एजेंसी को अलाट कर दिया गया है। मानसून समाप्त होते ही काम तेजी से शुरू कराया जाएगा ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द गड्ढा-मुक्त रास्ता मिल सके।'
रमेश सैनी, चेयरमैन, नगर पालिका, महेंद्रगढ़