नारनौल रोडवेज में 35 बसों की किल्लत, ग्रामीणों-छात्रों और नौकरीपेशा लोगों का सफर हुआ मुश्किल
नारनौल रोडवेज डिपो में 35 बसों की कमी के कारण यात्रियों को आवाजाही में परेशानी हो रही है, जिससे विद्यार्थियों ...और पढ़ें

188 बसों की जरूरत, चल रहीं सिर्फ 153। (जागरण)
HighLights
नारनौल डिपो में 35 बसों की कमी से यात्री परेशान।
जल्द ही 10 नई बसें मिलने की संभावना, सेवा में सुधार।
इलेक्ट्रिक बसों और ग्रामीण रूटों पर सेवा विस्तार की जरूरत।
विपिन कुमार, नारनौल। गांव से शहर जाने के लिए सुबह घर से निकले विद्यार्थी को समय पर बस मिलने की चिंता है तो किसी नौकरीपेशा व्यक्ति को ड्यूटी पर पहुंचने की। किसी ग्रामीण को अस्पताल पहुंचना है तो किसी को जरूरी काम से शहर आना है, लेकिन कई रूटों पर बसों के सीमित फेरे सफर को मुश्किल बना रहे हैं।
जिले में आबादी और आवाजाही की जरूरत लगातार बढ़ी है, लेकिन सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएं उसी अनुपात में नहीं बढ़ पाई हैं। नारनौल रोडवेज डिपो में फिलहाल 153 बसों से संचालन किया जा रहा है, जबकि जरूरत 188 बसों की है। यानी डिपो को 35 बसों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 1996 में नारनौल और रेवाड़ी को अलग-अलग रोडवेज डिपो बनाया गया था।
इससे पहले नारनौल में सब-डिपो के रूप में परिवहन व्यवस्था संचालित होती थी। अलग डिपो बनने के समय नारनौल को 90 बसें मिली थीं। अब करीब तीन दशक बाद डिपो में बसों की संख्या 153 तक पहुंची है। इस अवधि में जिले की आबादी, शैक्षणिक संस्थानों और रोजगार के अवसरों में विस्तार हुआ है। ऐसे में परिवहन व्यवस्था पर भी यात्रियों का दबाव बढ़ा है। वर्तमान में डिपो की जरूरत 188 बसों की बताई जा रही है।

(AI-Generated Image)
25 नई बसें मिलीं, 16 पुरानी हुईं बाहर
पिछले साल नारनौल डिपो को करीब 25 नई बसें मिली थीं, लेकिन बीएस-4 श्रेणी की 16 बसें संचालन से बाहर हो गईं। इसके चलते नई बसें मिलने के बावजूद बेड़े में वास्तविक बढ़ोतरी केवल नौ बसों की हुई। हालांकि अब डिपो को 10 नई बसें मिलने का इंतजार है।
इनके मिलने से मौजूदा रूटों पर अतिरिक्त फेरे लगाने और नए ग्रामीण रूटों पर बस सेवा शुरू करने की संभावनाएं बन सकती हैं।
केवल बसों की संख्या नहीं, समय सारिणी में सुधार भी जरूरी
सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने के लिए बसों की संख्या बढ़ाने के साथ उनके संचालन की समीक्षा करना भी जरूरी है। जिन गांवों में यात्रियों की संख्या अधिक है, वहां जरूरत के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएं।
विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों के आने-जाने के समय को ध्यान में रखकर समय सारिणी बनाई जाए। रविवार को भी जरूरी ग्रामीण रूटों पर बस सेवा उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर न रहना पड़े।
इलेक्ट्रिक बसों की भी खल रही कमी
जिले में चिकित्सा, शिक्षा, उद्योग और पर्यटन के प्रमुख केंद्रों को देखते हुए इलेक्ट्रिक बसों की जरूरत महसूस की जा रही है। कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन मेडिकल कालेज व राव तुलाराम अस्पताल, पटीकरा स्थित बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज और महेंद्रगढ़ के पाली स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय तक बेहतर सार्वजनिक परिवहन की जरूरत है।
इसके अलावा, नांगल चौधरी में विकसित हो रहे इंडस्ट्रियल माडल लाजिस्टिक हब तक कर्मचारियों की आवाजाही के लिए नियमित बस सेवा उपयोगी हो सकती है। नारनौल के ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थलों को भी बेहतर परिवहन नेटवर्क से जोड़ने की जरूरत है। इलेक्ट्रिक बसों से यात्रियों को आधुनिक सुविधा मिलने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिल सकती है।
'निदेशालय में बसों की डिमांड की हुई है, डिपो को जल्द ही 10 नई बसें मिलने की संभावना है। अभी भी हम जिले में बसों की कमी के चलते नागरिकों को कोई खास परेशानी नहीं होने दे रहे। नई बसें मिलने के बाद बसों की उपलब्धता बढ़ेगी और नए रूटों पर भी संचालन शुरू किया जा सकेगा।'
-देवदत्त, महाप्रबंधक, नारनौल डिपो।
यह भी पढ़ें- नारनौल में चल रहा मिलावट का खेल, ₹100 किलो बिक रहा नकली पनीर; सेहत से खिलवाड़ पर उठे सवाल
यह भी पढ़ें- नारनौल: दीपावली की रात गणपति डेंटिंग-पेंटिंग वर्कशॉप में भीषण आग, 6-7 गाड़ियां जलकर खाक, लाखों का नुकसान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।