नारनौल हाफ मैराथन में 60 हजार से ज्यादा पंजीकरण, अमित सैनी रोहतकिया और महाबीर गुड्डू जमाएंगे सांस्कृतिक रंग
नारनौल में 9 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 'ड्रग फ्री हरियाणा' और 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत राज्य स्तरीय हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे। ...और पढ़ें
-1785989944057_m.webp)
डीसी अनुपमा अंजली ने हाफ मैराथन को लेकर जानकारी दी।
HighLights
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नारनौल में हाफ मैराथन का शुभारंभ करेंगे।
'ड्रग फ्री हरियाणा' और 'हर घर तिरंगा' अभियान का आगाज होगा।
60 हजार से अधिक पंजीकरण, विजेताओं को लाखों के पुरस्कार।
जागरण संवाददाता, नारनौल। हरियाणा को नशे से मुक्त करने और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति का अलख जगाने के उद्देश्य से नारनौल शहर एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नारनौल से नौ अगस्त को राज्य स्तरीय हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ड्रग फ्री हरियाणा के साथ-साथ हर घर तिरंगा अभियान की भी विधिवत शुरुआत करेंगे।
यह जानकारी उपायुक्त अनुपमा अंजली ने लघु सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बुधवार को साझा की। उन्होंने बताया कि हरियाणा उदय व कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान को लेकर आमजन में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस भव्य हाफ मैराथन दौड़ के लिए अब तक 60 हजार से भी अधिक नागरिक अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। इनमें से लगभग छह हजार प्रतिभागियों ने 10 किलोमीटर की हाफ मैराथन दौड़ में हिस्सा लेने के लिए अपना नाम दर्ज कराया है। इस हाफ मैराथन दौड़ को और भी रोमांचक बनाने के लिए प्रशासन की ओर से विजेताओं के लिए बड़े पुरस्कारों की घोषणा की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि 10 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले महिला तथा पुरुष प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री अपने कर-कमलों से सम्मानित करेंगे। इसमें पहला स्थान हासिल करने वाले विजेता (महिला-पुरुष) को एक-एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 50-50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 25-25 हजार रुपये की नकद इनाम राशि दी जाएगी।
इसके अलावा, हर घर तिरंगा अभियान को समर्पित पांच किलोमीटर की दौड़ में शामिल होने वाले सभी नागरिकों को एक-एक तिरंगा झंडा भेंट किया जाएगा। प्रतिभागी इस सम्मानजनक राष्ट्रीय ध्वज को सहेजकर अपने घर ले जाएंगे और अपने आवास पर फहराएंगे। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय शान का प्रतीक है। ऐसे में किसी भी परिस्थिति में ध्वज का अनादर न होने दें और इसकी गरिमा को सदैव बनाए रखें।
खबरें और भी
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सभी नागरिकों को सुबह 5:30 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया गया है। इस आयोजन को खास बनाने के लिए गोल्ड मेडल विजेता शर्मिला धनखड़ को मैराथन का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।
वहीं प्रसिद्ध लोकगायक अमित सैनी रोहतकिया अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे और महाबीर गुड्डू भी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। इस दौरान वंदे मातरम थीम पर एक भव्य तिरंगा कंसर्ट भी आयोजित किया जाएगा।
आईजी रेंज से मंगवाया अतिरिक्त बुलिस बल-एसपी
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक ने बताया कि मैराथन के पूरे रूट पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी भी आम नागरिक या प्रतिभागी को कोई असुविधा न हो। सुरक्षा के मद्देनजर शहर में जगह-जगह रूट डायवर्जन और नाकेबंदी की गई है।
कार्यक्रम की संवेदनशीलता और विशाल जनसैलाब को देखते हुए आईजी रेंज से अतिरिक्त पुलिस बल भी मंगवाया गया है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण तथा अनुशासित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी रणनीति तैयार कर ली गई है।