'दूसरों से संबंध बनाओ और पैसे कमाओ', मेघा शर्मा मौत मामले में पति की करतूतों से उठा पर्दा
मेघा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में उसकी बहन ने पति धीरज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बहन के अनुसार, धीरज मेघा पर अश्लील वीडियो दिखाकर दूसरे युवकों से स ...और पढ़ें
-1785904204632_m.webp)
मृतका मेघा की शादी के दौरान की फोटो। सौ- स्वजन
HighLights
मेघा की संदिग्ध मौत, पति पर गंभीर आरोप।
पति अश्लील वीडियो दिखाकर संबंध बनाने का दबाव डालता था।
विरोध करने पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करता था।
जागरण संवाददाता, नारनौल। सोमवार को हुई 24 वर्षीय मेघा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में अब नए और गंभीर आरोप सामने आए हैं। मृतका की छोटी बहन रजनी ने आरोप लगाया है कि मेघा का पति धीरज उसे दूसरी लड़कियों के अश्लील वीडियो और फोटो दिखाकर दूसरे युवकों से संबंध बनाने तथा पैसे कमाने का दबाव डालता था।
विरोध करने पर वह मारपीट करता और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इन आरोपों के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में जांच तेज कर दी है। हालांकि उधर गांव जोरासी के ग्रामीण मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मिले और उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

4 महीने पहले हुई थी शादी
रजनी ने बताया कि मेघा की शादी 20 अप्रैल को ही जोरासी गांव निवासी धीरज के साथ हुई थी। धीरज मानेसर की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। शादी के कुछ समय बाद से ही मेघा ने ससुराल में हो रही प्रताड़ना की बातें परिवार को बतानी शुरू कर दी थीं। वह कहती थी कि पति छोटी-छोटी बातों पर उसका अपमान करता, उसमें कमियां निकालता और मानसिक तनाव देता था।
मौत से एक रात पहले बहन को बताई थी आपबीती
रजनी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले धीरज मेघा को मायके छोड़कर गया था। रविवार रात दोनों बहनें एक ही कमरे में सोई थीं। इसी दौरान मेघा ने बताया कि उसका पति कई अन्य महिलाओं के संपर्क में होने की बात करता था।
खबरें और भी
उसने कुछ लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो दिखाकर कहा कि वह भी उनकी तरह दूसरे युवकों से संबंध बनाए, इससे काफी पैसे कमाए जा सकते हैं। मेघा ने इसका विरोध किया तो पति उसके साथ मारपीट करता था।
पैसे मांगता था, सुंदर नहीं कहकर करता था अपमानित
रजनी का आरोप है कि धीरज अक्सर मेघा से पैसे मांगता था और आर्थिक रूप से कभी सहयोग नहीं करता था। वह उसे सुंदर नहीं कहकर ताने देता और बार-बार अपमानित करता था। परिवार ने मेघा को समझाया था कि जल्दबाजी में कोई कदम न उठाए। तय किया गया था कि कुछ दिनों बाद दोनों परिवार बैठकर बात करेंगे और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
करियर के सपने देख रही थी मेघा
रजनी ने बताया कि मेघा ने एमएससी और बीएड की पढ़ाई पूरी की थी। वह नौकरी कर अपना करियर बनाना चाहती थी, लेकिन शादी के बाद लगातार मानसिक प्रताड़ना और तनाव के कारण वह अंदर से टूट गई थी। सोमवार सुबह मेघा का शव मायके में बने पानी के टैंक से मिला था।
इस मामले में मृतका के पिता लालाराम की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने पति धीरज के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका के मायके वालों के आरोपों की पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
मंगलवार को गांव जोरासी के ग्रामीण पुलिस कप्तान दीपक कुमार से मिले। उन्होंने दलील दी कि धीरज ने घटना की रात अपनी पत्नी से बात की थी और आत्महत्या गांव जोरासी में नहीं,बल्कि मेघा ने अपने मायके में की है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। एसपी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जांच पूरी तरह से निष्पक्ष होगी और किसी भी पक्ष के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा।