घर बैठे मिलेगा पानी और सीवर कनेक्शन, सिर्फ आधार कार्ड होगा जरूरी; सरकार लाई नई योजना
प्रदेश सरकार ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से पानी और सीवर कनेक्शन को आसान कर दिया है। अब केवल आधार कार्ड से घर बैठे मुफ्त कनेक्शन मिलेग ...और पढ़ें

एक साधारण आवेदन पत्र जमा करने पर विभाग की टीम घर या दुकान पहुंचकर निशुल्क पानी एवं सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराएगी। एआई इमेज
HighLights
आधार कार्ड से मुफ्त पानी-सीवर कनेक्शन घर बैठे।
ऑनलाइन आवेदन और कार्यालयों के चक्कर से मुक्ति।
अवैध कनेक्शन भी बिना शुल्क नियमित कराएं तुरंत।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर झिरका (मेवात)। प्रदेश सरकार ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के माध्यम से शहरी और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए पेयजल एवं सीवरेज कनेक्शन की प्रक्रिया को बेहद आसान बना दिया है।
नई व्यवस्था के तहत अब लोगों को न ऑनलाइन आवेदन करना होगा और न ही विभागीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ेंगे। केवल आधार कार्ड और एक साधारण आवेदन पत्र जमा करने पर विभाग की टीम घर या दुकान पहुंचकर निशुल्क पानी एवं सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराएगी।
पहले कैसे मिलती थी वाटर सप्लाई?
पहले पानी का कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन के साथ 1050 रुपये की धरोहर राशि जमा करनी पड़ती थी। इसके अलावा पानी का मीटर स्वयं खरीदना, पाइप लाइन की खुदाई, कनेक्शन का खर्च और नगर पालिका क्षेत्र में सड़क कटिंग शुल्क भी अलग से देना पड़ता था। पूरी प्रक्रिया में हजारों रुपये खर्च होने के साथ लोगों को कई बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
बचेगा रुपया और समय
नई योजना लागू होने के बाद इन सभी औपचारिकताओं से राहत मिलेगी। अब केवल आधार कार्ड की प्रति और एक साधारण आवेदन पानी व सीवर कनेक्शन के लिए विभाग में जमा करना होगा। इसके बाद विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचकर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के पानी और सीवरेज का कनेक्शन उपलब्ध कराएंगे। इससे आम लोगों का समय और रुपया दोनों बचेंगे।
नहीं देनी होगी अतिरिक्त फीस
योजना का लाभ उन लोगों को भी मिलेगा, जिन्होंने पहले से अवैध पेयजल कनेक्शन ले रखे हैं। ऐसे उपभोक्ता भी आधार कार्ड और आवेदन पत्र विभाग में जमा कर अपने कनेक्शन नियमित करा सकते हैं। इसके लिए किसी कर्मचारी को कोई अतिरिक्त राशि देने की आवश्यकता नहीं होगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने कनेक्शन वैध कराएं।
खबरें और भी
"प्रदेश सरकार की इस जनहितैषी योजना के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल एवं सीवरेज के निशुल्क कनेक्शन दिए जा रहे हैं। आवेदनकर्ता को केवल आधार कार्ड के साथ साधारण आवेदन जमा करना है। इसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर कनेक्शन उपलब्ध कराएगी। अवैध कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ता भी बिना किसी शुल्क के अपने कनेक्शन नियमित करा सकते हैं।"
-वली मोहम्मद, एसडीओ जन स्वास्थ्य विभाग, फिरोजपुर झिरका।
यह भी पढ़ें- UIDAI ने आधार ऐप में शुरू की नई सुविधा, घर बैठे बदलें अपना मोबाइल नंबर