नूंह में सियासी घमासान: BJP नेता नसीम अहमद बोले- विधायक मामन खान का दिमागी संतुलन ठीक नहीं
नूंह में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद भाजपा नेता नसीम अहमद ने कांग्रेस विधायक मामन खान पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मामन खान का मानसिक ...और पढ़ें

नसीम अहमद, भाजपा नेता व पूर्व विधायक फिरोजपुर झिरका।
HighLights
नसीम अहमद ने मामन खान के मानसिक संतुलन पर सवाल उठाए।
मामन खान पर निजी हितों के मुद्दे उठाने का आरोप।
जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कमीशन न देने का आरोप।
जागरण संवाददाता, नूंह। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक नसीम अहमद और कांग्रेस विधायक मामन खान इंजीनियर के बीच हुई तीखी नोकझोंक का विवाद अब और गहराता जा रहा है। बैठक के बाद भाजपा नेता नसीम अहमद ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय पर पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस विधायक मामन खान पर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।
निजी हित वाले मुद्दों को उठाते हैं मामन खान : नसीम अहमद
एक जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना होता है, क्योंकि जनता उन्हें अपनी आवाज बनने के लिए चुनकर भेजती है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिरोजपुर झिरका के विधायक मामन खान जनता के हितों से जुड़े मुद्दों के बजाय व्यक्तिगत हितों के मुद्दे उठाते हैं।
कष्ट निवारण समिति की बैठक में जिस जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी की शिकायत विधायक मामन खान कर रहे थे, उन्हें यह तक जानकारी नहीं थी कि वह अधिकारी उनकी विधानसभा में कार्यरत है या नहीं। नसीम अहमद ने तंज कसते हुए कहा कि विधायक को या तो होश नहीं रहता या फिर वे नशे की हालत में रहते हैं।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कथित तौर पर कांग्रेस विधायक को कमीशन नहीं देते, इसलिए वह लगातार विभाग के अधिकारियों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामन खान ने अपने सोशल मीडिया पेज पर दावा किया कि उन्होंने 20 जुलाई 2026 को संबंधित एसडीओ के खिलाफ शिकायत दी थी, जबकि उस एसडीओ की पोस्टिंग ही 22 जुलाई 2026 को फिरोजपुर झिरका में हुई थी।
खबरें और भी
ऐसे में उनकी शिकायत तथ्यों से मेल नहीं खाती। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल में 263 करोड़ रुपये की रेनीवेल परियोजना को मंजूरी मिली थी, जिसका उद्देश्य फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के 80 गांवों तक पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने इस दिशा में गंभीरता से कार्य किया है। कैंसर जैसा गंभीर विषय मेवात के लिए बेहद संवेदनशील है, इसलिए इस पर राजनीति या भटकाव की बजाय पूरी गंभीरता के साथ काम किया जाना चाहिए।