अत्याधुनिक CCTV कैमरों से बढ़ेगी हथीन की सुरक्षा, नगर पालिका खर्च करेगी लाखों रुपये
हथीन शहर को सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए नगर पालिका 11.76 लाख रुपये की लागत से 80 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगा रही है। ...और पढ़ें
-1785135793876_m.webp)
AI जनरेटेड।
HighLights
80 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे 11.76 लाख रुपये में लगेंगे।
20 प्रमुख स्थानों पर निगरानी, पुलिस विभाग करेगा मॉनिटरिंग।
अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और जन सुरक्षा में सुधार।
अशोक कुमार यादव, पलवल। हथीन शहर को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और भयमुक्त बनाने की दिशा में नगर पालिका ने एक सराहनीय कदम उठाया है। अब शहर का हर प्रमुख कोना और व्यस्त बाजार तीसरी आंख की कड़ी निगरानी में रहेगा।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा 11.76 लाख रुपये के बजट से शहर में कुल 80 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे हथीन की सुरक्षा व्यवस्था को एक नई मजबूती मिलेगी।
प्रथम चरण के तहत आठ प्रमुख चौराहों पर 32 कैमरे पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं। इन सभी कैमरों को इंस्टाल करने के बाद नगर पालिका इनकी देखरेख का जिम्मा पुलिस विभाग को सौंप देगी। पुलिस विभाग में ही इसका मुख्य कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां बड़ी स्क्रीन लगाकर 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
20 प्रमुख स्थान चिह्नित, साक्षी नामक फर्म को सौंपा गया काम
नगर पालिका के सचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन ने शहर के चुंगी मोड़, संत गुलाब सिंह चौक, जयंती मोड़, महाराणा प्रताप चौक, बाजार, कुटी मंदिर चौक सहित 20 मुख्य चौराहों, व्यस्ततम बाजारों और प्रवेश द्वारों को सीसीटीवी कवरेज के लिए चिह्नित किया है।
कैमरे लगाने का कार्य साक्षी नामक फर्म को सौंपा गया है और चिह्नित स्थलों पर तेजी से काम चल रहा है। कैमरों के एंगल और लोकेशन इस प्रकार सेट किए जा रहे हैं ताकि मुख्य मार्गों से गुजरने वाले हर व्यक्ति और वाहन पर निर्बाध नजर रखी जा सके।
खबरें और भी
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में उत्साह
इस पहल से स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और महिलाओं में सुरक्षा को लेकर एक नया विश्वास जगा है। स्थानीय लोगाें मनवीर सिंह, सुरेश कुमार, पवन गोयल, राजू गोयल, राहुल, महेश एडवोकेट, चंद्रसेन, सुमित राजपूत, दीपक, पारस जैन का कहना है कि कैमरे इंस्टाल होने के बाद असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत लगाम लगेगी।
मुख्य मार्गों व चौराहों पर यातायात सुचारू रूप से संचालित करने में आसानी होगी। इसके अलावा, किसी भी आपराधिक घटना या विवाद की स्थिति में पुलिस को सटीक साक्ष्य मिल सकेंगे, जिससे कानून-व्यवस्था और बेहतर होगी।
यह भी पढ़ें- 'सिर्फ 25 रुपये में ऐसा सफर कभी नहीं किया...', देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन देखने हैदराबाद से हरियाणा पहुंचा कपल
हथीन शहर को आधुनिक, स्मार्ट और पूरी तरह सुरक्षित बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह योजना शहरवासियों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। आने वाले समय में आवश्यकतानुसार शहर के अन्य इलाकों में भी कैमरों का विस्तार किया जाएगा। - रेनू लता,चेयरपर्सन, नगर पालिका, हथीन