Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पलवल के औरंगाबाद गांव का मुख्य मार्ग होगा 4 लेन, 30 हजार की आबादी को मिलेगा सीधा फायदा; तैयारी शुरू

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 02:31 PM (IST)

    पलवल के औरंगाबाद गांव का मुख्य मार्ग अब चार लेन में विकसित किया जाएगा, जिस पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह परियोजना वाहनों के बढ़ते दबाव और स्थ ...और पढ़ें

    चार लेन का बनेगा औरंगाबाद गांव का मुख्य मार्ग। फोटो: जागरण

    चार लेन का बनेगा औरंगाबाद गांव का मुख्य मार्ग। फोटो: जागरण 

    HighLights

    1. औरंगाबाद गांव का मुख्य मार्ग चार लेन में होगा विकसित

    2. तीन करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक सड़क मार्ग

    3. दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

    जागरण संवाददाता, पलवल। औरंगाबाद गांव के मुख्य मार्ग को अब चार लेन में विकसित किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित गांव के बस स्टैंड से लेकर गांव के गोदाम तक यह सड़क बनाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब तीन करोड़ की लागत से इस नए मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

    इस आधुनिक रोड के बीच में खूबसूरत डिवाइडर बनाए जाएंगे और पूरे मार्ग को स्ट्रीट लाइटों व पौधारोपण से पूरी तरह जगमग और सुंदर किया जाएगा।

    66 फुट चौड़ी जगह पर बनेगा आधुनिक मार्ग

    वर्तमान में लोक निर्माण विभाग के पास इस पूरे रास्ते पर पहले से ही 66 फुट चौड़ी सड़क की जगह मौजूद है, लेकिन अब तक इसमें से केवल 18 फुट के हिस्से पर ही पक्की सड़क बनी हुई थी।

    वाहनों के बढ़ते दबाव और स्थानीय लोगों की जरूरत को देखते हुए अब विभाग ने इस पूरे उपलब्ध हिस्से का उपयोग कर इसे शानदार फोर लेन मार्ग बनाने का फैसला लिया है। करीब 600 मीटर की लंबाई वाले इस मार्ग को चार लेन में परिवर्तित किया जाएगा।

    साथ ही बीच में हरे भरे पौधे लगाए जाएंगे और मार्ग के बीचों बीच स्ट्रीट लाइट भी लगेंगी। मार्ग के दोनों तरफ पक्की नालियां भी बनाई जाएंगी।

    दर्जनभर गांवों की आबादी को मिलेगा फायदा

    इस मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र की एक बहुत बड़ी आबादी को सीधा फायदा पहुंचेगा। गांव औरंगाबाद से लेकर मीतरोल व गोपालगढ़ की करीब 30 हजार की आबादी के अलावा कौंडल, गहलब, मानपुर, बहीन, हथीन, पहाड़ी और बजादा पहाड़ी सहित क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग रोजाना अपने आवागमन के लिए इसी मुख्य मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।

    खबरें और भी

    पिछले कुछ सालों में इस रास्ते पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा था, जिसके कारण स्थानीय ग्रामीण और राहगीर लंबे समय से इसे फोर लेन करने की मांग उठा रहे थे।

    ग्रामीणों ने जताई खुशी

    इस परियोजना को लेकर औरंगाबाद गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजू चौहान ने खुशी जताते हुए कहा कि वाहनों के साल-दर-साल बढ़ते दबाव के कारण इस सड़क को चौड़ा करना बेहद जरूरी हो गया था।

    विधायक हरेंद्र रामरतन ने उनकी मांग पर गौर किया और इसे मंजूरी दिलवाई। इसके लिए वह उनका धन्यवाद करते हैं। इस नए मार्ग के चार लेन बनने से न केवल हजारों लोगों का सफर आसान और सुरक्षित होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी एक नई गति मिलेगी।

    फ्लाईओवर बनाने का भी प्रस्ताव

    विधायक हरेंद्र रामरतन के अनुसार ग्रामीणों की मांग के बाद इस मार्ग को चार लेन में परिवर्तित करने का प्रस्ताव है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

    इसके अतिरिक्त गांव के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर फ्लाईओवर बनाया जाना भी प्रस्तावित है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा इसकी भी टेंडर प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- पलवल के लोगों की बल्ले-बल्ले! करोड़ों रुपये से होंगे विकास कार्य; मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने किया शिलान्यास