पलवल में ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी, गांजे के पैसों को लेकर हुए विवाद में की गई थी हत्या
पलवल में तीन महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझ गई है, जिसमें गांजे के पैसों के विवाद में दिल्ली के रूप सिंह की हत्या कर शव पलवल में फेंका गया ...और पढ़ें
-1783426545634_m.webp)
पलवल में तीन महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है।
HighLights
तीन महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी।
गांजे के 60 हजार रुपये के विवाद में हुई हत्या।
मुख्य आरोपी सुजीत उर्फ साधु तिहाड़ जेल से रिमांड पर।
जागरण संवाददाता, पलवल। कैंप थाना अंतर्गत करीब तीन महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया गया है। दिल्ली के रहने वाले मृतक और आरोपित गांजे की तस्करी करते थे। गांजे के पैसों को लेकर हुए विवाद में दिल्ली के तुगलकाबाद पुराने किले के पास मृतक पर चाकू से वार किए गए थे और उसे गंभीर हालत में पलवल में फेंक दिया था। बाद में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपित को दिल्ली की तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अदालत से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
क्राइम ब्रांच होडल प्रभारी जगमिंदर सिंह ने बताया कि बीती सात अप्रैल को कैंप थाना अंतर्गत पन्ना विहार कालोनी स्थित खाली प्लाट में युवक का लहूलुहान शव मिला था। मृतक के सिर, शरीर और पैरों पर तेजधार हथियार के गहरे निशान थे। मामले में पन्ना विहार कालोनी के रहने वाले हिमांशु की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
दिल्ली पुलिस के इनपुट से खुला राज
इस मामले का खुलासा दिल्ली पुलिस द्वारा हथियारों के साथ पकड़े गए बदमाशों की गिरफ़्तारी के बाद हुआ। 11 जून 2026 को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (रोहिणी) ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में दिल्ली के शाहाबाद डेरी के रहने वाले दो आरोपितों सुजीत उर्फ साधु और राजा बाबू उर्फ करण को गिरफ्तार किया था। सख्ती से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या और पलवल में शव फेंकने की बात कबूल की। आरोपितों ने बताया कि उन्होंने दिल्ली के नजफगड़ के प्रेम नगर के रहने वाले रूप सिंह की हत्या कर शव पलवल में फेंका है।
गांजे के पैसों के विवाद में हुई हत्या
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सुजीत और राजा बाबू गांजा बेचने का धंधा करते हैं। मृतक रूप सिंह उनके लिए ओडिशा से गांजा लाने का काम करता था। मार्च 2026 में आरोपितों ने रूप सिंह को गांजा लाने के लिए 60,000 रुपये दिए थे, जिसे रूप सिंह ने हजम कर लिया। इसी रंजिश के चलते छह अप्रैल को आरोपितों ने रूपसिंह को तुगलकाबाद पुराने किले के पास एक पार्क में बुलाया। वहां पैसों को लेकर हुए विवाद में आरोपितों ने बीयर की बोतल और चाकू से हमला कर रूप सिंह को लहूलुहान और अचेत कर दिया।
शव को स्कूटी पर बैठाकर पलवल पहुंचे आरोपी
वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपितों ने खौफनाक साजिश रची। उन्होंने बेहोश और लहूलुहान रूप सिंह को उसी की स्कूटी पर बीच में बैठाया और पुलिस से बचने के लिए उसे हेलमेट पहना दिया। रात के अंधेरे में आरोपित दिल्ली से पलवल पहुंचे और अगवानपुर में एक गंदे नाले के पास खाली प्लाट फेंककर फरार हो गए, जहां उसकी मौत हो गई थी। आरोपित मृतक का मोबाइल और 700 रुपये भी लूट ले गए थे।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच होडल की टीम ने तिहाड़ जेल में बंद मुख्य आरोपित सुजीत उर्फ साधु को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। सुजीत पर दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, स्नैचिंग और अवैध हथियार रखने के चार मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब तीन दिन के रिमांड के दौरान आरोपित की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, वारदात के समय पहने खून से सने कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद करने में जुटी है।