'गर्भवती महिला' को बनाया फर्जी ग्राहक, इशारा मिलते ही दबिश; पलवल के इस्लामाबाद में 12वीं पास डॉक्टर का भंडाफोड़
पलवल में स्वास्थ्य विभाग और सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम ने इस्लामाबाद में एक अवैध क्लीनिक पर छापा मारकर 12वीं पास झोलाछाप हरिओम उर्फ अजय को गिरफ्तार क ...और पढ़ें

गिरफ्तार झोलाछाप डॉक्टर। जागरण
HighLights
पलवल में अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग और सीएम फ्लाइंग की छापेमारी।
12वीं पास झोलाछाप डॉक्टर हरिओम उर्फ अजय गर्भपात दवा बेचते गिरफ्तार।
फर्जी ग्राहक भेजकर अवैध क्लीनिक और प्रतिबंधित दवाओं का भंडाफोड़।
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल में अवैध रूप से बिना किसी डाक्टरी डिग्री के क्लीनिक चलाने और गर्भपात कराने वाली प्रतिबंधित दवाएं बेचने वालों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग और सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के इस्लामाबाद में बिना नाम से चल रहे एक क्लीनिक पर फर्जी ग्राहक भेजकर छापेमारी की और 12वीं पास झोलाछाप को गिरफ्तार किया है।
सिविल सर्जन पलवल के आदेशानुसार नोडल अधिकारी डॉ. राहुल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने एक गर्भवती महिला (नीलम) को फर्जी ग्राहक और सूचनाकर्ता को उसका भाई बनाकर फर्जी डाक्टर के क्लीनिक पर भेजा।
योजनाबद्ध तरीके से फर्जी ग्राहक और उसके भाई को दुकान में भेजा गया, जहां बास मोहल्ला का रहने वाला हरीओम उर्फ अजय मौजूद था। उसने एमटीपी किट देने के लिए 600 रुपये नकद लिए और गर्भवती महिला को दवा खाने का तरीका बताने लगा।
जैसे ही पूरा हुआ लेन-देन फर्जी ग्राहक ने किया इशारा और...
जैसे ही दवा का लेन-देन पूरा हुआ, फर्जी ग्राहक ने बाहर खड़ी टीम को तय इशारा कर दिया। इशारा मिलते ही स्वास्थ्य विभाग, सीएम फ्लाइंग और पुलिस टीम ने क्लीनिक में दबिश देकर आरोपित को पकड़ लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर हरीओम उर्फ अजय ने स्वीकार किया कि उसके पास कोई मेडिकल या डाक्टरी की डिग्री नहीं है और वह केवल 12वीं पास है। उसने यह दुकान किराये पर ली थी।
टीम ने पूरी रेड की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराते हुए मौके से मार्क किए गए सरकारी नोट, एमटीपी किट और अन्य मेडिकल औजार व दवाएं बरामद कीं।
पुलिस ने आरोपित के पास से बरामद सभी सामग्री को सील कर कब्जे में ले लिया है। राहुल कुमार की शिकायत पर थाना कैंप पलवल पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में 12वीं पास युवक चला रहा था फर्जी क्लीनिक, ₹1200 लेकर गर्भपात किट बेचते पकड़ा गया