विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल-दिल्ली रेलखंड पर बढ़ेगी परेशानी, फरीदाबाद स्टेशन पर काम के चलते 45 दिन रद रहेंगी 8 EMU ट्रेनें

Updated: Sun, 30 Aug 2026 06:45 PM (IST)

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के कारण 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पलवल-दिल्ली रेलखंड पर आठ ईएमयू व ...और पढ़ें

पलवल का रेलवे स्टेशन। जागरण आर्काइव

पलवल का रेलवे स्टेशन। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. फरीदाबाद स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के चलते ट्रेनें रद्द।

  2. 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक 8 लोकल ट्रेनें निरस्त।

  3. पलवल-दिल्ली रेलखंड के दैनिक यात्रियों को होगी असुविधा।

जागरण संवाददाता, पलवल। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते एक सितंबर से 15 अक्टूबर तक पलवल-दिल्ली रेलखंड पर सफर करने वाले यात्रियों की समस्याएं बढ़ने वाली हैं।

उत्तर रेलवे ने फरीदाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 की लाइन नंबर 4 व 5 पर निर्माण कार्य को गति देने के उद्देश्य से 45 दिनों का पावर एवं ट्रैफिक ब्लाक मंजूर किया है।

इस अवधि के दौरान पलवल से दिल्ली, गाजियाबाद, साहिबाबाद और शकूरबस्ती (एसएसबी) की ओर जाने वाली आठ प्रमुख ईएमयू व लोकल ट्रेनें एक सितंबर से 15 अक्टूबर तक पूरी तरह निरस्त रहेंगी।

रद रहने वाली प्रमुख ट्रेनें

ब्लाक के कारण इस रूट की कई ईएमयू व उपनगरीय सेवाओं को एक सितंबर से 15 अक्टूबर तक पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। निरस्त की गई मुख्य ट्रेनों में 64015 (पलवल - शकूरबस्ती), 64057 (पलवल - गाजियाबाद), 64012 (शकूरबस्ती - पलवल), 64013 (पलवल - शकूरबस्ती), 64052 (गाजियाबाद - पलवल), 64078 (नई दिल्ली - पलवल), 64908 (शकूरबस्ती - बल्लभगढ़) तथा 64071 (बल्लभगढ़ - शकूरबस्ती) शामिल हैं।

रात में रहेगा 3 घंटे तक का ब्लाक

रेलवे मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह ब्लाक मुख्य रूप से रात के समय लागू किया जाएगा। इसमें एक सितंबर और 15 अक्टूबर को रात 12:05 से 2:35 बजे तक ढाई घंटे का, जबकि 2 सितंबर से 14 अक्टूबर तक प्रतिदिन रात 12:05 से 3:05 बजे तक तीन घंटे का ब्लाक रहेगा।

रेलवे प्रशासन का मुख्य उद्देश्य फरीदाबाद स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को रेल यातायात की सुरक्षा के साथ जल्द पूरा करना है। रात के समय ब्लॉक निर्धारित किए जाने से दिन के समय मुख्य लाइन पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रहेगा।

दैनिक यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

पलवल-दिल्ली रेलखंड पर बड़ी संख्या में रोजाना यात्रा करने वाले यात्री लोकल ट्रेनों पर ही निर्भर हैं। ऐसे में इन ईएमयू ट्रेनों के निरस्त रहने से रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और आम यात्रियों के आवागमन पर काफी विपरीत असर पड़ेगा।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों की समय-सारणी तथा वर्तमान परिचालन स्थिति की जांच अवश्य कर लें।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर बिगड़े हालात, भारी भीड़ से प्लेटफॉर्म-5 पर मची अफरा-तफरी

यह भी पढ़ें- बोड़ाकी रेलवे स्टेशन से ग्रेटर नोएडा पहुंचना होगा आसान, परीचौक-कासना तक ई-बस सेवा का ट्रायल शुरू