रेवाड़ी: CA के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापामारी, किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं; सबूत जुटा रही टीम
आयकर विभाग की टीम ने रेवाड़ी के भाडावास गेट स्थित एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के घर और कार्यालय पर छापा मारा। ...और पढ़ें
-1777010646781_m.webp)
रेवाड़ी में सीए के मकान और ऑफिस पर आयकर विभाग की छापामारी। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। आयकर विभाग की टीम ने शुक्रवार सुबह रेवाड़ी शहर के भाडावास गेट के समीप एक चार्टेड अकाउंटेंट (सीए) के घर व कार्यालय पर एक साथ छापामारी की कार्रवाई की।
सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में विभाग के अधिकारियों ने भारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच शुरू की।
पॉश इलाके में है सीए का मकान
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम से आई आयकर विभाग की टीम ने शहर के पॉश इलाके स्थित सीए के निवास और उसके कार्यालय को एक साथ कवर किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी।
बताया गया कि मोबाइल फोन और कंप्यूटर सिस्टम को भी जांच के दायरे में लिया गया है, ताकि वित्तीय लेन-देन और खातों की गहन पड़ताल की जा सके।
गड़बड़ियों की मिल रही थी सूचना
सूत्रों की मानें तो यह छापामारी टैक्स चोरी और संदिग्ध लेन-देन की शिकायतों के आधार पर की गई है। विभाग को लंबे समय से कुछ गड़बड़ियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई। अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं।
छापामारी की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और शहर में चर्चा का माहौल बन गया। अन्य कारोबारी और पेशेवर वर्ग के लोग भी इस कार्रवाई को लेकर सतर्क हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- नकली दवाओं से 'मौत' का कारोबार, दिल्ली में फैक्ट्री से मरीज तक फैला सिंडिकेट; एजेंसियों की छापामारी में बड़े खुलासे
आयकर विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि कितनी कर चोरी या अनियमितताएं सामने आती हैं। फिलहाल विभाग की कार्रवाई जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।