Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रेवाड़ी में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया पटवारी, केस दर्ज; पूछताछ कर रही ACB की टीम

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 02:04 PM (IST)

    रेवाड़ी की कोसली तहसील में एक पटवारी को जमीन का रिकॉर्ड ठीक करने और इंतकाल दर्ज करने के नाम पर रिश्वत लेते हुए एसीबी ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आ ...और पढ़ें

    HighLights

    1. रेवाड़ी की कोसली तहसील में पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार।

    2. जमीन रिकॉर्ड ठीक करने और इंतकाल के लिए मांगी थी रिश्वत।

    3. एसीबी ने 4 हजार रुपये के साथ रंगे हाथों पकड़ा।

    जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी जिले की कोसली तहसील में भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने एक पटवारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।

    बताया गया कि जमीन का रिकॉर्ड ठीक करने और इंतकाल दर्ज करने के नाम पर किसान से रिश्वत मांगने के आरोप में यह कार्रवाई हुई है। टीम ने आरोपी पटवारी के पास से चार हजार रुपये बरामद किए हैं।

    9 हजार में हुआ था सौदा

    जानकारी के अनुसार, गांव टूमना के रहने वाले आनंद को अपनी जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त करवाना था और इंतकाल दर्ज कराना था। इसके लिए संबंधित पटवारी पुनीत ने उससे 10 हजार की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद सौदा 9 हजार में तय हुआ।

    पीड़ित ने शिकायत की

    शिकायतकर्ता ने पटवारी को पांच हजार रुपये पहले दे दिए थे, लेकिन इसके बावजूद पटवारी उसे बार-बार चक्कर कटवाता रहा और काम में टालमटोल करता रहा। इससे परेशान होकर आनंद ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से संपर्क कर शिकायत दी।

    रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

    एसीबी टीम ने मामले की जांच के बाद जाल बिछाया और शेष चार हजार की रिश्वत दिलवाने की योजना बनाई। पूर्व निर्धारित योजना के तहत बृहस्पतिवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने पटवारी को चार हजार रुपये दिए, एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।

    गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    यह भी पढ़ें- 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ धरे गए, नूंह में ACB की बड़ी कार्रवाई; बिजली निगम के 2 कर्मचारी अरेस्ट

    इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और अन्य कर्मचारियों में भी भय का माहौल देखने को मिला।

    खबरें और भी