IAS से ₹10 लाख की ठगी के आरोपी कैदी की मौत, रेवाड़ी जेल में अचानक बिगड़ी थी तबीयत
रेवाड़ी की फिदेड़ी जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी राहुल की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह एक आईएएस अधिकारी से 10 लाख रुपये की साइबर ठ ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
विचाराधीन कैदी राहुल की रेवाड़ी जेल में मौत।
आईएएस अधिकारी से 10 लाख की साइबर ठगी का आरोप।
प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक को मौत का कारण माना।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। साइबर ठगी के एक मामले में सोमवार सुबह फिदेड़ी स्थित जिला जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक कैदी की पहचान महाराष्ट्र के मुंबई के रहने वाले राहुल के रूप में हुई है, जो एक आईएएस अधिकारी से साइबर ठगी के एक मामले में रेवाड़ी जेल में बंद था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह विचाराधीन कैदी राहुल को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। जेल प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उसे इलाज के लिए शहर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मृतक के स्वजन को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
दस लाख रुपये की साइबर ठगी का था आरोप
बताया जा रहा है कि राहुल पर एक आईएएस अधिकारी के साथ करीब दस लाख रुपये की साइबर ठगी करने का गंभीर आरोप था। इस संबंध में साइबर थाना रेवाड़ी में उसके विरुद्ध मुकदमा नंबर 129 दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था, जहां वह विचाराधीन कैदी के रूप में बंद था।
खबरें और भी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। साथ ही जेल प्रशासन से भी इस घटना को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है कि कैदी की तबीयत बिगड़ने से पहले उसकी स्थिति क्या थी और उसे समय पर उचित इलाज मिला या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।