सोनीपत के लोगों को बड़ी सौगात: अब दिल्ली के लिए मिलेगी सीधी एसी बस सेवा; रोज लगेंगे दो चक्कर
गोहाना से दिल्ली के लिए सीधी एयर कंडीशंड (एसी) बस सेवा शुरू हो गई है, जो प्रतिदिन दो चक्कर लगाएगी। यह सेवा नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों ...और पढ़ें
-1783080407823_m.webp)
गोहाना से दिल्ली के लिए सीधी एसी बस की सेवा शुरू।
HighLights
गोहाना से दिल्ली के लिए सीधी एसी बस सेवा शुरू।
बस प्रतिदिन सुबह 10 बजे और दोपहर 3 बजे दो चक्कर लगाएगी।
यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
जागरण संवाददाता, गोहाना। रोडवेज विभाग ने गोहाना से दिल्ली के लिए सीधी एयर कंडीशंड (एसी) बस सेवा शुरू कर दी है। यह बस प्रतिदिन दो चक्कर लगाएगी, जिससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।
अब क्षेत्र के लोगों की दिल्ली जाने के लिए सामान्य बसों या निजी वाहनों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। एसी बस रोजाना सुबह 10 बजे और दोपहर तीन बजे गोहाना बस स्टैंड से दिल्ली के लिए रवाना होगी। वापसी में भी बस दिल्ली से गोहाना के लिए निर्धारित समय पर चलेगी।
एसी बस शुरू होने से खासकर गर्मी और उमस के मौसम में यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। विभाग द्वारा इससे पहले गोहाना से चंडीगढ़ के लिए भी एसी बस सेवा शुरू कर चुका है। अब प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ के बाद देश की राजधानी दिल्ली तक भी सीधी एसी बस उपलब्ध होने से गोहाना की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
400-500 यात्री रोजाना करते हैं दिल्ली का सफर
गोहाना से रोजाना लगभग 400 से 500 लोग नौकरी, कारोबार, शिक्षा, इलाज और सरकारी कार्यों के लिए दिल्ली जाते हैं। अधिकांश यात्रियों को सामान्य बसों में भीड़ का सामना करना पड़ता था नई एसी बस सेवा शुरू होने से आरामदायक यात्रा संभव होगी। सामान्य बस का किराया प्रति यात्री 95 रुपये है और एसी बस में 135 रुपये खर्च होंगे।
इन शहरों के यात्रियों को भी मिलेगा लाभ
गोहाना से दिल्ली के बीच शुरू हुई एसी बस से सोनीपत तक यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। सोनीपत से दिल्ली के बीच आने वाले शहरों के लोग भी आरामदायक सफर कर सकेंगे। चंडीगढ़ जाने वाली बस से रोहतक, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। गोहाना से चंडीगढ़ रूट की बस पहले रोहतक जाती है। इसके बाद रोहतक से चंडीगढ़ के लिए रवाना होती है। क्षेत्रीय यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और लंबी दूरी का सफर अधिक सुविधाजनक होगा।
खबरें और भी
77 बसों का है गोहाना सब डिपो बेड़ा
गोहाना सब डिपो के पास वर्तमान में कुल 77 बसें हैं, जिनमें करीब 30 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित की जा रही हैं। वहीं पानीपत डिपो द्वारा भी गोहाना तक एसी बसें चलाई जा रही हैं। ऐसे में आने वाले समय में एसी बस सेवाओं का दायरा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली के लिए सीधी एसी बस सेवा शुरू होने से निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी। यात्रियों का समय बचेगा और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। अगर यात्रियों की संख्या बढ़ेगी तो भविष्य में विभाग अन्य बड़े शहरों के लिए भी एसी बसों का परिचालन करेगा। - बिजेंद्र, डीआई, सब डिपो गोहाना
यह भी पढ़ें- मानसून की पहली बारिश ने खोली निगम के दावों की पोल, सोनीपत में सड़कों और गलियों में भरा पानी