CM नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान, जल्द जारी होगा HSSC वार्षिक भर्ती कैलेंडर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत में युवाओं से संवाद करते हुए बताया कि एचएसएससी का वार्षिक भर्ती कैलेंडर जल्द जारी होगा। ...और पढ़ें

CM नायब सिंह सैनी ने 'जेन-जी' युवाओं से की बात, सुनी समस्याएं और सुझाव
HighLights
एचएसएससी का वार्षिक भर्ती कैलेंडर जल्द होगा जारी।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर सरकार का जोर।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। रेलवे रोड स्थित आइसीएस कोचिंग सेंटर में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जेन-जी से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
युवाओं के सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सुझावों को गंभीरता से लेकर भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और अभ्यर्थी हितैषी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) का वार्षिक भर्ती कैलेंडर तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही जारी किया जाएगा, ताकि युवा अपनी तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही अंजलि ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से एचएसएससी का वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने के संबंध में प्रश्न पूछा।
कैलेंडर किया जा रहा तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) का वार्षिक कैलेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है, अब एचएसएससी का वार्षिक भर्ती कैलेंडर भी तैयार किया जा रहा है।
कुछ भर्तियां कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से जुड़ी होती हैं, इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कैलेंडर तैयार किया जा रहा है।
विद्यार्थी नीरज ने सीईटी के आधार पर विभिन्न भर्तियों में पात्रता व भर्ती परीक्षाओं के स्पष्ट पाठ्यक्रम के संबंध में सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सीईटी लागू करने का उद्देश्य युवाओं को बार-बार प्रारंभिक परीक्षाएं देने की परेशानी से राहत देना और भर्ती प्रक्रिया को सरल बनाना है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने परीक्षा के दौरान परिवहन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाकर अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित की। सीईटी के माध्यम से युवाओं को विभिन्न भर्तियों में अवसर मिल रहा है और इसकी प्रक्रिया व दायरे को और स्पष्ट एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी काम चल रहा है।
छात्रों ने की बसों में पास की मांग
विद्यार्थी तनुज ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए रियायती बस पास की मांग की। सीएम ने कहा कि सुझाव पर सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार किया जाएगा, ताकि गरीब विद्यार्थियों को राहत मिल सके।
खबरें और भी
विद्यार्थी सोनू के कोचिंग फीस पर जीएसटी समाप्त करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल, कालेज और विश्वविद्यालय पहले से ही जीएसटी के दायरे से बाहर हैं, जबकि कोचिंग संस्थानों पर जीएसटी का विषय जीएसटी परिषद के अधिकार क्षेत्र में आता है।
वह स्वयं जीएसटी परिषद के सदस्य हैं और विद्यार्थियों के इस सुझाव को परिषद के समक्ष अवश्य रखेंगे। विद्यार्थी मुस्कान ने पेपर लीक, सर्वर डाउन और तकनीकी गड़बड़ियों से अभ्यर्थियों को होने वाली परेशानियों की ओर ध्यान दिलाया।
सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून बनाए हैं, जिनमें कठोर सजा और भारी जुर्माने का प्रविधान है। विद्यार्थी वर्षा ने गरीब मेधावी विद्यार्थियों के लिए कोचिंग छात्रवृत्ति योजना लागू करने का सुझाव दिया।
इस पर सीएम ने कहा कि इस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। विद्यार्थी नितिन ने सरकारी भर्तियों में समयबद्ध वेटिंग लिस्ट जारी करने का सुझाव दिया। सीएम ने कहा कि सरकार इस व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
युवाओं से नशे से बचने व बचाने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ अपनी तैयारी जारी रखें। राज्य सरकार पारदर्शी, निष्पक्ष और 'बिना पर्ची, बिना खर्ची' की भर्ती व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचना और बचाना है, इसके लिए पुलिस व सरकार अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में मैराथन आयोजित की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- हरियाणा टीजीटी भर्ती में हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, उच्च योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी नहीं होंगे अयोग्य