Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ यात्रा को लेकर सोनीपत पुलिस का 'मेगा सिक्योरिटी प्लान', जाम लगा तो 5 वैकल्पिक रूटों से निकलेंगे कांवड़िए

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 04:13 PM (IST)

    सोनीपत पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए एक विस्तृत मेगा ट्रैफिक और सुरक्षा योजना तैयार की है, जिसमें मुख्य और पांच वैकल्पिक रूट शामिल हैं। यह व्यवस्था आज ...और पढ़ें

    AI जनरेटेड।

    AI जनरेटेड।

    HighLights

    1. कांवड़ यात्रा के लिए सोनीपत पुलिस का मेगा प्लान।

    2. जाम लगने पर पांच वैकल्पिक मार्गों का होगा उपयोग।

    3. भारी वाहनों पर प्रतिबंध, सीसीटीवी से निगरानी होगी।

    जागरण संवाददाता, सोनीपत। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने जिले में मेगा ट्रैफिक और सिक्योरिटी प्लान तैयार किया है। हरिद्वार और गंगोत्री से लौटने वाले कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए मुख्य कांवड़ मार्ग के साथ वैकल्पिक रूट भी तय कर दिए गए हैं।

    बहालगढ़ चौक, गढ़ मिर्कपुर, एनएच-334बी और जीटी रोड पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग परिस्थितियों के लिए डायवर्जन प्लान तैयार किया है। यह व्यवस्था आज सुबह 9 बजे से जलाभिषेक तक लागू रहेगी।

    पूरे मार्ग को वन-वे किया जाएगा

    कांवड़ियों का मुख्य मार्ग गढ़ मिर्कपुर बार्डर से एनएच-334बी होते हुए बहालगढ़ चौक और फिर एनएच-44 रहेगा। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर इस पूरे मार्ग को आवश्यकता के अनुसार वन-वे किया जाएगा, ताकि कांवड़ियों की आवाजाही में कोई बाधा न आए।

    इन रास्तों से निकाला जाएगा

    बहालगढ़ चौक जिले का सबसे व्यस्त ट्रैफिक जंक्शन है। यहां दिल्ली, पानीपत, गोहाना, रोहतक और सोनीपत शहर की ओर जाने वाले वाहन गुजरते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान यदि यहां जाम लगता है तो सामान्य वाहनों को तुरंत वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को कुराड़ बाईपास, गोहाना रोड, सोनीपत बाईपास, बड़वासनी, डबल कैनाल रोड और 20वां मील के रास्ते निकाला जाएगा।

    खबरें और भी

    वहीं, दूसरे विकल्प के रूप में बारोटा चौकी, गढ़ी बिंदरौली, डबल कैनाल रोड, रोहट, ककरोई और महलाना रोड मार्ग का उपयोग कराया जाएगा। यदि एनएच-334बी, राठधना और सेक्टर-27 क्षेत्र में दबाव बढ़ता है तो ट्रैफिक को सेक्टर-7, राठधना और दिवान फार्म के रास्ते जीटी रोड की ओर मोड़ा जाएगा।

    कांवड़ियों के लिए पांच वैकल्पिक मार्ग तैयार

    यदि मुख्य कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक हो जाती है तो पुलिस उन्हें पांच अलग-अलग मार्गों से आगे बढ़ाएगी। पहला मार्ग खेवड़ा फ्लाईओवर से एनएच-334बी होते हुए एनएच-44 रहेगा।

    • दूसरा मार्ग पलड़ी गांव, कुमासपुर, जीटी रोड, सेक्टर-7 और सेक्टर-8 चौक से होकर जाएगा।
    • तीसरे विकल्प में मुरथल, बढ़ोली, बसौदी और नांदनौर गांव का रास्ता तय किया गया है।
    • चौथे मार्ग पर दीपालपुर मोड़, चौहान जोशी गांव, जीटी रोड और सेक्टर-7-8 चौक शामिल हैं।
    • पांचवें विकल्प में खेवड़ा, झुंडपुर, सेवली, 20वां मील चौक, बारोटा चौकी और रोहट के रास्ते श्रद्धालुओं को निकाला जाएगा।

    भारी वाहनों की एंट्री बंद, हल्के वाहन भी रोके जा सकेंगे

    जिले में 28 जुलाई की रात 12 बजे से सोनीपत से बागपत की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। वहीं सात अगस्त की रात 12 बजे से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर हल्के वाहनों का आवागमन भी आवश्यकता अनुसार रोका या डायवर्ट किया जा सकेगा।

    15 स्थानों पर रहेंगे पुलिस नाके

    गढ़ मिर्कपुर, पलड़ी टी-प्वाइंट, खेवड़ा, बहालगढ़ चौक, मुरथल चौक, गन्नौर चौक, सेक्टर-7 टी-प्वाइंट, ट्रक यूनियन, आइटीआइ चौक, खरखौदा बाईपास, पानीपत रोड टी-प्वाइंट, फव्वारा चौक और रोहतक रोड टी-प्वाइंट समेत 15 प्रमुख स्थानों पर दो-दो शिफ्ट में पुलिस बल तैनात रहेगा। सभी पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टर जैकेट पहनेंगे और रात में टार्च के साथ ड्यूटी करेंगे।

    हर रूट पर पुलिस, क्यूआरटी और सीसीटीवी

    पूरे कांवड़ मार्ग पर पीसीआर, राइडर, ईआरवी और पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त करेंगी। हर जोन में क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेगी। सभी प्रमुख नाकों, डायवर्जन प्वाइंट, शिविरों और चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। आवश्यकता पड़ने पर दंगा-रोधी उपकरणों से लैस रिजर्व पुलिस बल भी तुरंत मौके पर पहुंचेगा।

    म्यूजिक सिस्टम, झांकियों और इंटरनेट पर भी निगरानी

    म्यूजिक सिस्टम की आवाज 75 डेसिबल से अधिक नहीं होगी और म्यूजिक रखने वाले वाहन की ऊंचाई 12 फीट से ज्यादा नहीं रखी जा सकेगी। भड़काऊ गीत, आपत्तिजनक पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल और पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

    वहीं, कांवड़ शिविर सड़क से 50 मीटर अंदर और सड़क के बाईं ओर लगाए जाएंगे। शिविरों में अलग पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे, श्रद्धालुओं का रजिस्टर, महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी अनिवार्य रहेगी। मीट की दुकानें अस्थायी रूप से बंद रहेंगी और मेडिकल स्टोरों पर एक्सपायरी दवाओं की जांच होगी।

    यह भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा के लिए दिल्ली में ट्रैफिक प्लान तैयार, 9 से 12 अगस्त तक कई कांवड़ मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

    जिले से होकर गुजरने वाले कांवड़ियों की सुविधा के लिए बेस कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात के उद्देश्य से हेल्पलाइन नंबर-0130-2221590 भी जारी किया गया है। वहीं, रूट डायवर्ट, सुरक्षा व सहायता के लिए अन्य व्यवस्थाएं भी की गई है। - नेहा सिंह, उपायुक्त