Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    केजीपी और केएमपी एक्सप्रेसवे से पैदल कांवड़ियों के गुजरने पर लगी रोक, तीन राज्यों की पुलिस ने लिया फैसला

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 10:27 PM (IST)

    सावन कांवड़ यात्रा के दौरान केजीपी और केएमपी एक्सप्रेसवे पर पैदल कांवड़ियों के गुजरने पर रोक लगा दी गई है। यह निर्णय हादसों से बचाव के लिए लिया गया है ...और पढ़ें

    केजीपी व केएमपी एक्सप्रेसवे से पैदल कांवड़ियों के गुजरने पर रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं।

    केजीपी व केएमपी एक्सप्रेसवे से पैदल कांवड़ियों के गुजरने पर रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं।

    HighLights

    1. केजीपी व केएमपी एक्सप्रेसवे पर पैदल कांवड़ियों पर रोक लगाई गई।

    2. तेज रफ्तार वाहनों से हादसों के खतरे को टालने का निर्णय।

    3. सोनीपत में कांवड़ यात्रा सुरक्षा हेतु 24 घंटे कंट्रोल रूम स्थापित।

    नंदकिशोर भारद्वाज, सोनीपत। सावन में कांवड़ यात्रा शुरू होने वाली है। कांवड़ियों को हादसों से बचाने के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश व हरियाणा के जिलों के पुलिस अधिकारियों की बैठक के बाद केजीपी व केएमपी एक्सप्रेसवे से पैदल कांवड़ियों के गुजरने पर रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं।

    एनसीआर, करनाल व अन्य जिलों की पुलिस को अपने-अपने क्षेत्रों में केजीपी व केएमपी एक्सप्रेसवे के एंट्री-एग्जिट पर कांवड़ियों के आवागमन को रोकने के प्रबंध करने की सलाह दी गई है, क्योंकि दोनों एक्सप्रेसवे पर पैदल कांवड़ियों के तेज रफ्तार वाहनों से कुचले जाने का अंदेशा है।

    पिछले दिनों लक्ष्मी नगर में दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त यातायात व गाजियाबाद के अपर पुलिस आयुक्त यातायात व अन्य अधिकारियों की बैठक हुई थी। इसमें कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा पर मंथन किया गया और इसके लिए लिए सोनीपत, करनाल, फरीदाबाद पलवल व हरियाणा के अन्य जिलों की पुलिस को एडवाइजरी जारी करने के लिए लिखा गया था।

    इसमें कहा गया था कि केजीपी व केएमपी एक्सप्रेसवे पर पैदल कांवड़ियों के गुजरने पर रोक लगाई जाए, क्योंकि रात में एक्सप्रेसवे पर तेज गति वाले वाहनों से पैदल कांवड़ियों के लिए हादसों का खतरा है। हालांकि डाक कांवड़ियों के चलने पर रोक नहीं है। सोनीपत पुलिस की डीसीपी ईस्ट मेधा भूषण ने बताया कि मंगलवार-बुधवार को बैठक कर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की जाएगी। रूट तय कर मार्गों पर डायवर्जन तय किया जाएगा।

    पूर्व में हो चुके हैं हादसे

    14 जुलाई, 2023 में गोहाना के गांव चिड़ाना में डाक कांवड़ियों की पिकअप कार को पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी. जिसकी वजह से पिकअप आगे चल रहे वाहन में जा टकराई। हादसे में पिकअप कार में सवार महेंद्रगढ़ के गांव सहेरती पिलानिया के तीन कांवड़ियों की मौत हो गई थी और तीन घायल हो गए थे।

    खबरें और भी

    इसके अलावा केएमपी एक्सप्रेसवे पर पिपली टोल के पास 22 जुलाई, 2022 को कांवड़ियों की पंक्चर हुई पिकअप को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे, जबकि झज्जर के कांवड़िए बाल-बाल बचे थे। वहीं हादसों में पैदल कांवड़ियों की मौत भी हो चुकी है।

    कांवड़ यात्रा के लिए सोनीपत में बेस कंट्रोल रूम बनाया

    उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात के लिए लघु सचिवालय, के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर-110 में बेस कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 0130-2221590 है। 30 जुलाई से 11 अगस्त तक बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए बेस कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा।

    यह भी पढ़ें- सोनीपत में कांवड़ यात्रा के लिए रोडवेज तैयार, श्रद्धालु बढ़ते ही हरिद्वार रूट पर चलेंगी अतिरिक्त बसें