अघोषित कटों से आक्रोशित ग्रामीणों ने कथूरा बिजलीघर पर जड़ा ताला, पांच घंटे ठप रही सप्लाई
कथूरा गांव के ग्रामीणों ने अघोषित बिजली कटौती से परेशान होकर बिजलीघर पर ताला जड़ दिया और धरना प्रदर्शन किया, जिससे पांच घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। ...और पढ़ें

HighLights
कथूरा गांव में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
बिजलीघर पर ताला लगाकर पांच घंटे तक आपूर्ति बाधित की।
अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त, उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजी।
जागरण संवाददाता, गोहाना। बिजली सप्लाई में अघोषित कटों से परेशान गांव कथूरा के ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार रात फूट पड़ा। लगभग 10:30 बजे ग्रामीण एकत्रित होकर गांव स्थित बिजलीघर पहुंच गए और ताला लगाकर धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों ने बिजलीघर से जुड़े सभी गांवों की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी। इससे करीब पांच घंटे तक कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। शनिवार तड़के अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने ताला खोल दिया और धरना समाप्त कर दिया।
गांव कथूरा के ग्रामीणों ने कहा कि उनका गांव म्हारा गांव जगमग गांव योजना में शामिल है। योजना के तहत अधिकारियों ने 21 घंटे बिजली देने का दावा किया था, लेकिन पिछले कई दिनों से दिन और रात दोनों समय बार-बार अघोषित कट लगाए जा रहे हैं।
भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। रात में भी लंबे पावर कट लगने से बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं।
ग्रामीण एवं किसान नेता अक्षय नरवाल ने कहा कि सरकार ने योजना के तहत 21 घंटे बिजली देने का वादा किया है और उसी के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बिना पूर्व सूचना के बार-बार बिजली काटना लोगों के साथ अन्याय है।
एसडीओ कपिल यादव ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर कोई तकनीकी खराबी या अन्य समस्या नहीं है। मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार ही पावर कट लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग व शिकायत उच्च अधिकारियों तक भेजी जाएगी। एसडीओ ने ग्रामीणों की अधिकारियों से मुलाकात कराने का आश्वासन भी दिया। इसके बाद शनिवार तड़के ग्रामीणों ने बिजलीघर का ताला खोल दिया।
रात 10:30 बजे ग्रामीण बिजलीघर पहुंचे और धरने पर बैठे
- 5 घंटे तक कथूरा बिजलीघर से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही
- ग्रामीणों का आरोप अघोषित कटों से भीषण गर्मी में जनजीवन प्रभावित
- बिजली निगम का दावा, पावर कट स्थानीय नहीं, मुख्यालय के निर्देशों पर लगाए जा रहे
यह भी पढ़ें- सोनीपत में बिजली कटौती से भड़के लोग, प्रदर्शन के दौरान पार्षद ने जड़ा थप्पड़