सोनीपत में KMP Expressway पर तेज टक्कर से ईको के उड़े परखच्चे, 3 मजदूरों की मौत और 9 घायल
कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक ईको कार और ट्रक की भीषण टक्कर में तीन मजदूरों की मौके पर ...और पढ़ें

हादसा इतना भीषण था कि ईको कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। एआई इमेज
HighLights
केएमपी एक्सप्रेसवे पर ईको कार-ट्रक की टक्कर।
हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर मौत।
नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवादददाता, खरखौदा (सोनीपत)। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब पांच बजे गोपालपुर गांव की सीमा के पास मजदूरों से भरी ईको कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि ईको कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को उपचार के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गोपालपुर गांव की सीमा पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के गांव बड़ेपुरा निवासी करीब 11 मजदूर और ईको का चालक समेत कुल 12 लोग ईको कार में सवार होकर झज्जर की तरफ मजदूरी (बाजरा काटने) के लिए जा रहे थे।
सुबह करीब पांच बजे जब कार केएमपी एक्सप्रेसवे पर गोपालपुर गांव की सीमा में पहुंची तो एक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में भर्ती कर घायलों का इलाज किया जा रहा है। जागरण
मृतकों में एक की पहचान रामनरेश पुत्र रामचंद्र, निवासी गांव बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जबकि हादसे में मारे गए दो अन्य लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। दो शवों को खरखौदा के अस्पताल में लाया गया है, जबकि एक शव हादसे में क्षतिग्रस्त ईको कार में ही फंसा हुआ है। उसे निकालने के लिए पुलिस और राहत दल की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।
पीलीभीत के बड़ेपुरा गांव के हैं सभी घायल
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान विवेक पुत्र प्रभुदयाल, छोटू पुत्र खुशहाली, हरिशंकर पुत्र नेतराम, खुशहाली, फातिलाल पुत्र बुद्धसिंह, महेंद्रपाल पुत्र रामसहाय, संजीव पुत्र रामपाल, प्रमोद पुत्र रामरती और नेवाराम के रूप में हुई है। सभी घायल गांव बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत के रहने वाले बताए गए हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को खरखौदा सीएचसी लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण सभी बेहोशी की हालत में बताए जा रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने तथा कार में फंसे शव को बाहर निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
