Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आहुलाना में रजवाहे की पटरी टूटी, धान की फसल डूबी; किसानों में चिंता

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 06:15 PM (IST)

    गन्नौर के आहुलाना गांव में दिल्ली पैरलल नहर की शाखा से निकले रजवाहे की पटरी टूटने से पंचायती जमीन और किसानों की धान की फसल पानी में डूब गई। ...और पढ़ें

    दिल्ली पैरलल नहर की शाखा से निकले रजवाहे की पटरी टूटी। जागरण

    दिल्ली पैरलल नहर की शाखा से निकले रजवाहे की पटरी टूटी। जागरण

    HighLights

    1. आहुलाना में रजवाहे की पटरी टूटने से जमीन जलमग्न हुई।

    2. किसानों की डेढ़ एकड़ धान की फसल पानी में डूबी।

    3. नहरी विभाग ने मरम्मत शुरू की, स्थायी समाधान की मांग।

    संवाद सहयोगी, गन्नौर। गांव आहुलाना में दिल्ली पैरलल नहर की शाखा से निकले रजवाहे की पटरी टूटने से पंचायती जमीन और किसानों की धान की फसल में पानी भर गया।

    तेज बहाव के कारण पंचायती जमीन में करीब तीन फीट से अधिक पानी जमा हो गया, जबकि साथ लगते खेत में करीब डेढ़ एकड़ धान की फसल भी जलमग्न हो गई। किसानों को फसल खराब होने की चिंता सताने लगी।

    ग्रामीणों ने बताया कि किसानों ने पहले अपने स्तर पर मिट्टी डालकर टूटी पटरी को बांधने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद तेज बहाव के कारण पटरी फिर टूट गई। इसके बाद मामले की सूचना पानीपत नहरी विभाग को दी गई।

    किसानों की फसल पर संकट

    आरोप है कि सूचना देने के बावजूद विभाग के अधिकारी काफी समय तक मौके पर नहीं पहुंचे। इस दौरान नुकसान बढ़ने से रोकने के लिए रजवाहे में पानी बंद करवा दिया गया।

    बाद में नहरी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी व कर्मचारियों की मदद से टूटी पटरी की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। गांव के सरपंच अजीत सिंह ने भी मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से जल्द मरम्मत पूरी कराने को कहा।

    ग्रामीणों ने मांग की कि रजवाहे की पटरी को स्थायी रूप से मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और किसानों की फसल सुरक्षित रह सके।

    यह भी पढ़ें- गंडक में उफान: सारण के दर्जनों गांवों की बढ़ी धड़कनें, 3000 परिवारों पर मंडराया खतरा

    खबरें और भी