सावधान! कूरियर ट्रैक करने के चक्कर में दंपत्ति के खाते से उड़े 1.99 लाख रुपये, फोन हुआ था हैक
सोनीपत में एक युवक और उसकी पत्नी के खाते से फर्जी कूरियर ट्रैकिंग लिंक के जरिए 1.99 लाख रुपये की ठगी हुई। साइबर ठगों ने लिंक के माध्यम से फोन हैक कर इ ...और पढ़ें

फर्जी कूरियर ट्रैकिंग लिंक के चक्कर में खाली हुआ खाता।
HighLights
फर्जी कूरियर लिंक से युवक-पत्नी के खाते से ठगे 1.99 लाख।
लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक, पैसे निकलने लगे।
साइबर पुलिस ने मामला दर्ज किया, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। फर्जी कूरियर ट्रैकिंग लिंक के जरिए एक युवक और उसकी पत्नी के खाते से 1.99 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है।
साइबर ठगों ने लिंक के जरिए फोन को हैक कर लिया था। जिसके बाद रुपये निकाले गए। फिलहाल शिकायत पर थाना साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
गांव हुल्लाहेड़ी के रहने वाले प्रदीप ने पुलिस को बताया कि वह ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी से जुड़े आनलाइन कार्य करते है। उसके दोस्त ने अपनी क्रेटा कार पंजाब के मानसा स्थित एक मोटर्स एजेंसी को बेची थी।
प्रदीप का कहना है कि कार की एनओसी भेजने के लिए एजेंसी के पास उसका मोबाइल नंबर दिया गया था। प्रदीप के अनुसार, 11 जुलाई को एजेंसी से फोन आया कि एनओसी से संबंधित दस्तावेज कूरियर से भेजे गए हैं।
14 जुलाई को गूगल पर कूरियर ट्रैकिंग सर्च के दौरान हुआ खेल
वह 14 जुलाई को गूगल पर कूरियर ट्रैकिंग सर्च कर रहा था। इस दौरान उसे एक मोबाइल नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने वाट्सएप पर एक कस्टमर सपोर्ट एप का लिंक भेजा और कहा कि इसके जरिए कूरियर की स्थिति देखी जा सकती है।
आरोप है कि लिंक पर क्लिक करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया। फोन में अपने आप इंस्टालेशन प्रक्रिया शुरू हो गई, स्क्रीन काली हो गई और करीब 30 मिनट तक मोबाइल पर उसका कोई नियंत्रण नहीं रहा।
इसके बाद उसके मोबाइल पर बैंक खातों से पैसे निकलने के संदेश आने लगे। उसके और उसकी पत्नी के खातों से 90,000 रुपये, 90,000 रुपये, 9,000 रुपये और 10,000 रुपये, कुल 1,99,000 रुपये निकाल लिए गए।
उसने मामले की शिकायत हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराई। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों का पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
साइबर क्राइम से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। यदि कोई साइबर क्राइम का शिकार हो जाता है तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत दर्ज कराएं या फिर तुरंत हेलपलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।
-पवन कुमार, प्रभारी, थाना साइबर