कृषि प्रधान से ग्लोबल इंडस्ट्रियल हब बना सोनीपत, मारुति प्लांट से मिली विशेष पहचान; एक्सप्रेसवे से 'विकास' को गति
सोनीपत अब कृषि प्रधान क्षेत्र से वैश्विक औद्योगिक केंद्र बन गया है, जिसका मुख्य कारण खरखौदा में 35 हजार करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित दुनिया का सबसे ...और पढ़ें

खरखौदा आईएमटी स्थित मारुति सुजुकी का प्लांट और क्षेत्र से होकर गुजरने वाला NH-334B । जागरण
HighLights
खरखौदा में 35 हजार करोड़ से दुनिया का सबसे बड़ा मारुति प्लांट।
सोनीपत कृषि प्रधान से वैश्विक औद्योगिक केंद्र में परिवर्तित हुआ।
हाईवे व एक्सप्रेसवे नेटवर्क ने औद्योगिक विकास को नई गति दी।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। औद्योगिक विकास और हाईवे व एक्सप्रेसवे की बेहतर कनेक्टिविटी से सोनीपत प्रदेश ही नहीं बल्कि विश्व में अपना लोहा मनवा रहा है।
10 लाख कारें सालाना बनाने वाला विश्व का सबसे बड़ा कार निर्माता प्लांट खरखौदा में लगने, हाईवे का जाल बिछने से सोनीपत भविष्य के आधुनिक शहरों की पंक्ति में अग्रिम स्थान पर खड़ा कर रही है।
दैनिक जागरण की दिल्ली-एनसीआर संस्करण की 36वीं सालगिरह पर जिला कई बड़ी पहल का साक्षी बन रहा है। वहीं सुरक्षित यातायात के तहत हाईवे की खामियों को दुरुस्त करने के बाद मानवीय चूकों के कारण हो रही जनहानि को रोकने में दैनिक जागरण ने अपना महत्ती योगदान दिया है।
अब लापरवाही पर सीधे कार्रवाई की जा रही है। वहीं आज से हाइड्रोजन ईंधन चालित नई ट्रेन से शुरू हो रही नई क्रांति का सोनीपत भी साक्षी बन रहा है।
सोनीपत वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर बना रहा मजबूत पहचान
एक समय कृषि प्रधान क्षेत्र के रूप में पहचाना जाने वाला सोनीपत का खरखौदा अब वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण आइएमटी खरखौदा में स्थापित मारुति सुजुकी का अत्याधुनिक ऑटोमोबाइल संयंत्र है।
करीब 35 हजार करोड़ रुपये के निवेश से विकसित हो रहा यह प्लांट दुनिया का सबसे बड़ा मारुति सुजुकी उत्पादन केंद्र माना जा रहा है। इस परियोजना ने न केवल खरखौदा बल्कि पूरे सोनीपत जिले के विकास को नई दिशा दी है। संयंत्र के पूर्ण रूप से विकसित होने पर यहां प्रतिवर्ष 10 लाख वाहनों के उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
इसके साथ ही हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। प्लांट के आसपास आटो कंपोनेंट इकाइयों, वेयरहाउस, लाजिस्टिक्स और अन्य उद्योगों का तेजी से विस्तार हो रहा है। निवेशकों की बढ़ती रुचि से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां तेज हुई हैं और स्थानीय लोगों की आय के नए स्रोत विकसित हो रहे हैं।
खबरें और भी
हाईवे नेटवर्क ने दी विकास को नई रफ्तार
सोनीपत की प्रगति में मजबूत सड़क नेटवर्क की अहम भूमिका है। यूईआर-2, केएमपी एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी और दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे ने क्षेत्र को दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के प्रमुख शहरों से जोड़ दिया है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण उद्योगों तक कच्चा माल और तैयार उत्पाद तेजी से पहुंच रहे हैं। परिवहन लागत कम होने से निवेशकों का रुझान भी बढ़ा है। यही कारण है कि आइएमटी खरखौदा में लगातार नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं और क्षेत्र आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।
ठीक हो रही हाईवे की खामियां, घटेंगे हादसे
जिले में हाईवे व एक्सप्रेसवे का जाल बिछने से लगातार हादसों में बढ़ोतरी हुई है। सुरक्षित यातायात अभियान के तहत दैनिक जागरण ने हाईवे व एक्सप्रेसवे की खामियों को लगातार मजबूती से उठाते हुए इन कमियों को दूर करवाने का काम किया है। अब अधिकारियों पर सीधे कार्रवाई की जा रही है। इस कारण भविष्य में हादसे घटने व मौतों में कमी आने की उम्मीद की जा रही है।