सोनीपत में ऑनर किलिंग: पूरे घर में इधर-उधर भागती रही चीनू, बाप करता रहा चाकू से वार; गला रेतकर ली जान
सोनीपत के गोहाना में एक पिता ने अपनी बेटी चीनू की ऑनर किलिंग कर दी। बेटी अपनी पसंद के लड़के से शादी करना चाहती थी, जिस पर विवाद बढ़ गया। पिता अनिल ने ...और पढ़ें

देवीपुरा कालोनी में अनिल के घर के बाहर पसरा सन्नाटा और पड़ोसी में खड़ी दो महिलाएं। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
परमजीत सिंह, गोहाना (सोनीपत)। अपनी पसंद के लड़के से शादी की जिद करने से पहले चीनू को यह अहसास नहीं था कि उसका अंजाम मौत तक पहुंच जाएगा। वह आधुनिक युग में इसे सामान्य बात मान रही थी।
बहस के बाद जब विवाद बढ़ा और पिता ने घर के अंदर से चाकू उठाया तो उसकी जान पर बन आई। उसने जान बचाने के लिए आखिरी सांस तक संघर्ष किया। वह घर के भीतर इधर-उधर भागती रही।
आरोपित पिता अनिल हाथ में चाकू लेकर उसके पीछे दौड़ता रहा और लगातार वार करता रहा। पहले उसने बेटी की कमर पर कई वार किए। जब चीनू घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाने के लिए दरवाजे तक पहुंची, तो पिता ने वहीं उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस को फोन करके मदद मांगी
रविवार सुबह चीनू और उसके परिवार में विवाद बढ़ा तो उसने पुलिस को फोन करके मदद मांगी। सूचना पर दुर्गा शक्ति की टीम मौके पर पहुंच गई। परिवार के लोगों ने पारिवारिक मामला बताते हुए किसी विवाद से मना कर दिया। पुलिस भी यह नहीं समझ पाई की विवाद इतना बढ़ जाएगा।
इसके बाद पिता अनिल ने घर का मुख्य दरवाजा बंद करवा दिया और बेटी की जान लेने पर उतारु हो गया। उसने घर के अंदर से चाकू उठाया। इसके बाद बेटी पर वार करने शुरू कर दिए। चीनू जब जान बचाने के लिए मुख्य दरवाजे के पास आंगन में पहुंची तो उसका गला काट दिया।
वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंची। जब घर का दरवाजा खुलवाया गया तो दृश्य बेहद भयावह था। पूरा आंगन खून से सना हुआ था और पर्दों पर भी खून के छींटे पड़े थे। जब पुलिस ने आरोपित अनिल को पकड़ा तो उसके हाथ भी खून से सने हुए थे।
खबरें और भी
पड़ोसियों से नहीं था मेलजोल
पड़ोसियों के अनुसार अनिल के परिवार का किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं था और वे अपने काम से ही मतलब रखते थे। पहले परिवार में झगड़ा भी सामने नहीं आया था। वारदात के बाद आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं।
पुलिस के बयान पर केस दर्ज, दो हिरासत में
पुलिस ने देर रात इस मामले में पुलिस अधिकारी के बयान पर ही केस दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पिता व एक अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
मुकीमपुर में की थी बेटी की हत्या
गांव मुकीमपुर की एक युवती ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर नवंबर 2020 में अपने ही गोत्र के युवक से शादी कर ली थी। शादी के बाद वे रोहतक में रहने लगे थे। बाद में युवती को बहाने से बुलाकर कर स्वजन ने हत्या कर दी थी।
गांव गुहणा के युवक-युवती की हत्या की
अगस्त, 2020 में गांव गुहणा के एक युवक व युवती की हत्या कर दी थी। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और ग्रामीण रिश्ते के अनुसार भाई-बहन थे। स्वजन ने उनकी हत्या कर दी थी
गांव खंदराई में की थी युवती की हत्या
गांव खंदराई की एक युवती ने दूसरे गांव के एक युवक से प्रेम विवाह कर लिया था। इससे नाराज स्वजन ने सितंबर, 2019 में युवती की हत्या कर दी थी।
यह भी पढ़ें- सोनीपत में झूठी शान की खातिर पिता ने बेटी को मार डाला, नर्सिंग का कोर्स कर रही थी चीनू