Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सोनीपत: बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में कपड़ा गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की कई टीमें आग पर काबू पाने में जुटी

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 07:28 PM (IST)

    बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज 2 में तपेश्री होम के कपड़ा गोदाम में शुक्रवार शाम भीषण आग लग गई। दमकल की कई टीमों ने एक परिवार को सुरक्षित बचाया, लेकिन देर ...और पढ़ें

    सोनीपत के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में कपड़ा गोदाम में लगी भीषण आग।

    सोनीपत के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में कपड़ा गोदाम में लगी भीषण आग।

    HighLights

    1. बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में कपड़ा गोदाम में लगी भीषण आग।

    2. फंसे परिवार को दमकल टीम ने हाइड्रा से सुरक्षित निकाला।

    3. अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की कमी पर उठे गंभीर सवाल।

    संवाद सहयोगी, गन्नौर। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज 2 स्थित 482 नंबर तपेश्री होम के कपड़ा गोदाम में शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। आग गोदाम की पहली मंजिल पर अज्ञात कारणों से लगी, जिसके बाद देखते ही देखते लपटों और धुएं ने पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

    घटना की सूचना मिलते ही थाना बड़ी पुलिस और बड़ी दमकल केंद्र की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए गन्नौर, सोनीपत, राई दमकल केंद्र से भी दमकल वाहन और कर्मियों को बुलाया गया। सभी केंद्रों की टीमों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान शुरू किया, लेकिन आग को बढ़ता देख समालखा व पानीपत से भी दमकल गाड़ी बुलानी पड़ी।

    गोदाम की देखरेख के लिए वहां रह रहे एक श्रमिक उसकी पत्नी और बच्चे भी आग लगने के कारण वहां फस गए। जिसके बाद थाना बड़ी पुलिस व दमकल विभाग की टीम ने हाइड्रा की मदद से प्रथम तल पर पहुंच कर परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

    दमकल कर्मियों ने आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछार की, लेकिन देर शाम तक आग पूरी तरह से शांत नहीं हुई। आग लगने के कारण गोदाम में रखा कपड़ा और अन्य सामान लगातार धधकता रहा। समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे थे। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

    खबरें और भी

    अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

    बड़ी दमकल विभाग के लीडिंग फायर मैन नरेश कुमार के अनुसार फैक्ट्री में अग्निशमन उपकरण लगे हुए थे, लेकिन आग लगने के समय कोई भी फायर एक्सटिंग्विशर उपयोग की स्थिति में नहीं मिला। वहीं, आग बुझाने के लिए लगी पाइपलाइन भी जंग लगी हुई और उसका पानी से कनेक्शन नहीं मिला। आग बुझने के बाद फैक्ट्री संचालक से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

    नियमों का पालन न करने वालों के साथ नहीं देगी एसोसिएशन

    एमएसएमई औद्योगिक वेलफेयर एसोसिएशन बड़ी के अध्यक्ष नवीन कौशिक ने कहा कि क्षेत्र में पहले भी आग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। गोदाम की पहली मंजिल पर एक परिवार रह रहा था। समय रहते वह सुरक्षित बाहर नहीं निकला होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

    औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन होना चाहिए, इसके लिए एसोसिएशन भी फैक्ट्री संचालकों को समय-समय पर जागरुक करती है। एसोसिएशन नियमों का पालन न करने वालों का किसी सूरत में साथ नहीं देगी। समय-समय पर उपकरणों की जांच हो, तो ऐसी घटनाओं से होने वाले नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।

    यह भी पढ़ें- सोनीपत के लोगों को बड़ी सौगात: अब दिल्ली के लिए मिलेगी सीधी एसी बस सेवा; रोज लगेंगे दो चक्कर