चार दिन से लापता दसवीं के छात्र का पार्क में झूले से लटका मिला शव, घरवालों ने लगाया हत्या का आरोप
सोनीपत में चार दिन से लापता दसवीं के छात्र का शव एक पार्क में फंदे से लटका मिला है। स्वजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं।

झूले पर लटका मिला छात्र का शव। फोटो: फाइल
HighLights
चार दिन से लापता दसवीं के छात्र का शव मिला।
पार्क में फंदे से लटका मिला छात्र का शव।
स्वजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। चार दिन से लापता दसवीं के छात्र का शव शनिवार को एक पार्क में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। वह वाजिदपुर सबौली स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ता था। बीते 18 अगस्त को छात्रों के बीच हुए झगड़े के बाद शिक्षिका ने उसकी पिटाई कर दी थी। साथ ही, माता-पिता को बुलाकर लाने को कहा था। स्वजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
स्वजनों का कहना है कि चार दिन पहले वह स्कूल के लिए घर से निकला था लेकिन वापस घर नहीं आया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उन्होंने तलाश शुरू की। अंत में थक-हारकर स्वजनों ने कुंडली थाना पुलिस को इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी थी। छात्र का परिवार मूलरूप से उन्नाव का रहने वाला है। फिलहाल, परिवार यहां नाथूपुर में किराये पर रह रहा है।
शनिवार को सबौली से बारोटा रोड पर पार्क में बने झूले पर कपड़े के फंदे से लटका शव मिलने की सूचना के बाद मृतक की पहचान की गई। वहीं, इस मामले में स्वजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी शिकायत को दरकिनार कर पुलिस ने अपनी मर्जी से गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया है। मामले की जांच की जा रही है।
