सोनीपत पुलिस अब शिक्षिका और सहपाठियों से करेगी पूछताछ, 10वीं के छात्र की मौत पर उठे कई सवाल
सोनीपत में 10वीं के छात्र विशाल की मौत के मामले में पुलिस अब शिक्षिका और उन छात्रों से पूछताछ करेगी जिनसे विशाल का झगड़ा हुआ था। सीसीटीवी फुटेज से कोई सुराग नहीं मिला है।

सोनीपत में 10वीं कक्षा के छात्र विशाल की मौत के मामले में पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
HighLights
पुलिस शिक्षिका और सहपाठियों से करेगी पूछताछ।
सीसीटीवी फुटेज में नहीं मिला कोई सुराग।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा।
संवाद सहयोगी, राई (सोनीपत)। 10वीं कक्षा के छात्र की मौत के मामले में पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस ने रविवार को क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले, हालांकि उनमें छात्र दिखाई नहीं दे रहा। अब पुलिस मामले में शिक्षिका को भी जांच में शामिल करेगी और जिन छात्रों से विशाल का झगड़ा हुआ था, उनसे भी पूछताछ की जाएगी। वहीं, सोमवार को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आ सकती है, जिसके बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। दूसरी तरफ स्वजन ने पैतृक गांव में विशाल का अंतिम संस्कार किया।
मूलरूप से उन्नाव के भरणसर, नौहसाहरा, फिलहाल नाथूपुर में किराये पर रहने वाले प्रमोद का 17 वर्षीय लड़का विशाल वाजिदपुर सबौली स्थित राजकीय स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ता था। 18 अगस्त को स्कूल तो गया, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। उसका शव 22 अगस्त को सबौली-बारोटा रोड स्थित पार्क में फंदे पर मिला था।
मामले में आरोप लगाया गया था कि स्कूल शिक्षिका रेनू ने विशाल की पिटाई कर माता-पिता को बुलाकर लाने की बात कहते हुए उसे दोपहर में स्कूल से निकाल दिया था। पिटाई की वजह विशाल का दो छात्रों के साथ झगड़ा होना था। स्वजन की तरफ से मामले में हत्या का आरोप लगाया था। विशाल के बड़े भाई अवनीश का आरोप है कि विशाल के शरीर पर उसे टार्चर किए जाने के निशान मिले है।
डीईओ ने बीईओ से मांगी रिपोर्ट
जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी से मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी है। साथ ही निर्देश दिए हैं कि घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दें, जिन छात्रों से झगड़ा हुआ था, उनसे बातचीत करते हुए मामला का पता लगाए।
"विशाल की मौत की जांच के मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई हैं, हालांकि उनमें कोई सुराग नहीं मिला है। अब शिक्षिका रेनू को जांच में शामिल किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार को मिलेगी, जिसमें मौत के असली कारण का पता चलेगा। रिपोर्ट के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
-रवि, थाना प्रभारी, कुंडली।
यह भी पढ़ें- चार दिन से लापता दसवीं के छात्र का पार्क में झूले से लटका मिला शव, घरवालों ने लगाया हत्या का आरोप
यह भी पढ़ें- सोनीपत: घर में खड़ी Skoda Slavia का यमुनानगर में कट गया टोल टैक्स, मोबाइल पर मैसेज देख मालिक के उड़े होश
