बिलासपुर में पुलिस के सामने कुल्हाड़ी से हमला कर लहूलुहान किया व्यक्ति, 2024 में हुए गोलीकांड का निकला कनेक्शन
बिलासपुर में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पुलिस के सामने एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती ...और पढ़ें

बिलासपुर में पुलिस के सामने व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। (फोटो एआई से बनाया है)
HighLights
बिलासपुर में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर हमला हुआ।
पुलिस की मौजूदगी में व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से वार।
हमले में घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बनी है।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एक बेहद सनसनीखेज वारदात हुई है। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी पुल के पास आपसी विवाद में एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। यह वारदात पुलिस के सामने हुई है। हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्हें पुलिस का भी कोई खौफ नहीं था।
इस हमले में व्यक्ति लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। वारदात के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। घायल को नाजुक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।
2024 के गोलीकांड का आरोपित है घायल सन्नी
हमले में घायल हुआ व्यक्ति सन्नी गिल वही है, जिस पर वर्ष 2024 में बिलासपुर शहर के कोर्ट परिसर से कुछ दूरी पर एक युवक पर गोली चलाने का आरोप लगा था। अब उसी व्यक्ति पर हुए इस जानलेवा हमले के बाद पुराने विवाद और आपसी रंजिश के एंगल से भी जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हमले के पीछे के कारणों या दोनों घटनाओं के आपसी संबंध को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
क्या कहते हैं एसपी
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किस बात पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मंडी भराड़ी पुल के समीप कुछ लोगों का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद किस बात को लेकर हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने तैश में आकर व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में व्यक्ति के शरीर पर गहरे जख्म आए हैं।
पुलिस के सामने हुई वारदात
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि जिस समय यह वारदात हुई उसे समय पुलिस के दो जवान भी वहीं थे।