Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिलासपुर में पुलिस के सामने कुल्हाड़ी से हमला कर फरार हो गए बदमाश, तमाशबीन बनी रही खाकी; SP ने सस्पेंड किए 2 जवान

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Thu, 09 Jul 2026 11:49 AM (GMT+05:30)

    बिलासपुर में जमानत पर चल रहे सन्नी गिल पर पुलिस के सामने कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिसमें वह घायल हो गया। दो पुलिसकर्मियों को लापरवाही के आरोप में न ...और पढ़ें

    बिलासपुर में बदमाश पुलिस के सामने हमला कर फरार हो गए। प्रतीकात्मक फोटो

    बिलासपुर में बदमाश पुलिस के सामने हमला कर फरार हो गए। प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. सन्नी गिल पर मंडी-भराड़ी में कुल्हाड़ी से हमला।

    2. हमले के वक्त दो पुलिसकर्मी थे मौजूद, निलंबित।

    3. हमलावर सौरभ पटियाल फरार, पुरानी रंजिश का मामला।

    जागरण संवाददाता, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर के बहुचर्चित गोलीकांड में जमानत पर चल रहे पंजाब निवासी सन्नी गिल पर मंडी-भराड़ी में पुलिस के सामने दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से हमला किया गया। हमले में सन्नी निवासी किरा मोहल्ला मकान नंबर 1870-1, तहसील व जिला लुधियाना पंजाब घायल है। उसे एम्स बिलासपुर में दाखिल करवाया है।

    हमले का आरोपित सौरभ पटियाल उर्फ फांदी निवासी नसवाल, घुमारवीं है, जिस पर सन्नी ने दो साल पहले गोली चलाई थी। घटना के समय वहां दो पुलिस जवान भी ड्यूटी पर मौजूद थे, जिन्होंने हमलावर को रोकने का प्रयास नहीं किया और उनके सामने ही वह फरार भी हो गया। विभाग ने दोनों पुलिस जवानों का निलंबित कर दिया है।

    पुलिसकर्मियों पर उठे सवाल

    घटना के समय ट्रैफिक पुलिस का जवान ड्यूटी पर था जबकि एक अन्य पुलिस जवान भी वहां मौजूद था। दोनों जवानों ने हमलावर को रोकने की कोशिश नहीं की और मूकदर्शक बने रहे। यहां तक ही पुलिस के आंखों के सामने से हमलावर फरार हो गया। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। 

    पेशी के लिए आ रहा था सन्नी गिल

    सन्नी गिल इस मामले में जमानत पर है। बुधवार को बिलासपुर न्यायालय में पेशी के लिए बस से आ रहा था। हमला करने की ताक पर सौरभ पटियाल उर्फ फांदी साथियों के साथ कार में उसका इंतजार कर रहा था। जब सन्नी मंडी भराड़ी में बस से उतरा तो सौरभ ने सन्नी पर हमला कर दिया। दिनदहाड़े चौक के पास सौरभ ने उनकी टांग पर कुल्हाड़ी से पांच से अधिक वार कर दिए और कुल्हाड़ी लेकर कार में बैठकर नौणी चौक की ओर निकल गया। पूरी वारदात का वहां खड़े कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। 

    यह है विवाद

    बिलासपुर के जबली के पास फरवरी, 2024 में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर व सौरभ पटियाल के बीच रेलवे में काम को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। 20 जून 2024 को सौरभ जब न्यायालय में आया तो परिधिगृह के पास उस पर सन्नी ने गोली चलाई। मामले की जांच में पता चला था कि सन्नी को पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के बेटे ने हायर किया था। इसके बाद से इन दोनों के बीच रंजिश थी। इसके बाद 14 मार्च 2025 को होली के दिन तीन शूटर ने बंबर ठाकुर के घर में जाकर गोलियां चलवाईं। इसमें पूर्व विधायक और उसका पीएसओ घायल हो गया। इस मामले में सौरभ समेत नौ लोगों पर आरोप लगे। उनकी गिरफ्तारी हो चुकी है। सौरभ अभी जमानत पर चल रहा है।

    खबरें और भी

    पुलिस ने सदर थाना में सौरभ पटियाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी तक घायल सन्नी बयान देने की हालत में नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। डयूटी पर लापरवाही करने वाले दोनों जवानों को निलंबित कर दिया है।
    -अभिषेक धीमान, एसपी बिलासपुर।

    यह भी पढ़ें: बिलासपुर में पुलिस के सामने कुल्हाड़ी से हमला कर लहूलुहान किया व्यक्ति, गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया