चंबा में सड़क से 150 मीटर नीचे साल नदी में जा गिरे बाइक सवार, तेज बहाव में एक युवक लापता; दूसरा रस्सी के सहारे बचाया
चंबा में साहो मार्ग पर मिंजर मेले से लौट रहे दो युवकों की बाइक 150 मीटर गहरी साल नदी में गिर गई। एक युवक को बचाया गया, जबकि दूसरा नदी के तेज बहाव में ...और पढ़ें

चंबा में साल नदी में गिरे बाइक सवार को ढूंढने में जुटी एनडीआरएफ टीम। जागरण
HighLights
मिंजर मेले से लौटते दो युवकों की बाइक गिरी।
एक युवक को सुरक्षित बचाया गया, दूसरा लापता।
एनडीआरएफ, पुलिस द्वारा साल नदी में तलाशी अभियान।
संवाद सहयोगी, चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा में साहो मार्ग पर रात को एक दर्दनाक हादसा पेश आया। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या देखकर घर लौट रहे दो युवकों की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी साल नदी में जा गिरी। इस हादसे में एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि दूसरा युवक नदी के तेज बहाव में लापता है।
सोमवार सुबह से ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम द्वारा नदी में लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
शुभम पुत्र अनिल कुमार गांव सरू जिला चंबा को सुरक्षित निकाल लिया गया है और सक्षम निवासी सरू लापता है, साल नदी में बह गया है। दोनों की उम्र 20 से 21 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मिंजर नाइट से लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, चंबा के सरू क्षेत्र के रहने वाले दो युवक अपने रविवार को अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या देखने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद, रात करीब 11:00 बजे दोनों बाइक से वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे चंबा-साहो मार्ग पर बालू के पास पक्काटाला मोहल्ला के समीप पहुंचे, उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे साल नदी में जा गिरी।
चीखें सुनकर पहुंचे लोग, रस्सी के सहारे बचाया युवक
घटना के वक्त पक्काटाला मोहल्ला के स्थानीय लोगों ने बाइक को नदी में गिरते देखा और घायल युवक की चीख-पुकार सुनी। स्थानीय निवासियों ने बिना देर किए तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी मदद के लिए आगे आए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद रस्सी के सहारे एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दूसरा युवक नदी के बहाव में कहीं बह गया और उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
तेज बहाव रेस्क्यू में रुकावट
सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात ही मौके पर पहुंच गई थी। सोमवार सुबह से दोपहर तक एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस की ओर से साल नदी के मुहाने और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है।
खबरें और भी
नदी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर तक लापता युवक का कोई पता नहीं चल सका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। एक युवक को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि लापता दूसरे युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें साल नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।
-विजय कुमार सकलानी, एसपी, चंबा।
यह भी पढ़ें: शिमला में आफत की बारिश: चलती कार पर गिरा पेड़, सड़क किनारे रखे खाली सिलिंडर बहे; अभी राहत नहीं देगा मौसम