हिमाचल में 15 फरवरी तक e-KYC नहीं करवाई तो स्थायी रूप से बंद हो जाएगी पेंशन, यहां 10,642 पेंशनभोगी प्रक्रिया से बाहर
चंबा जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी सत्यापन की अंतिम तिथि 15 फरवरी है। जिन 10,642 पेंशनभोगियों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूर ...और पढ़ें

पेंशनरों ने ई केवाईसी न करवाई तो पेंशन स्थायी रूप से बंद हो जाएगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ई-केवाईसी सत्यापन की अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित।
सत्यापन न होने पर पेंशन स्थायी रूप से बंद होगी।
चंबा में 10,642 लाभार्थियों का सत्यापन लंबित।
संवाद सहयोगी, चंबा। जिन सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों ने अभी तक अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है, तो उनके पास महज 15 फरवरी तक का समय शेष है। निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूर्ण न करने वाले लाभार्थियों को अपात्र घोषित कर उनकी पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी।
जिला कल्याण विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार चंबा जिला में सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारकों की कुल संख्या 57,706 है। राज्य सरकार के निर्देशों पर जुलाई 2025 से जिला कल्याण अधिकारी के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से ई-केवाईसी अभियान चलाया जा रहा है।
31 जनवरी तक जिला के 47,064 लाभार्थियों का सत्यापन कार्य पूरा कर लिया गया है, लेकिन अभी भी 10,642 पेंशनभोगी इस प्रक्रिया से बाहर हैं।
आंगनबाड़ी केंद्र में भी सुविधा
लाभार्थियों की सुविधा के लिए विभाग ने स्पष्ट किया है कि ई-केवाईसी सत्यापन की प्रक्रिया बेहद सरल है। पेंशनधारक अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना सत्यापन करवा सकते हैं।
आधार कार्ड नहीं तो तहसील कल्याण अधिकारी से करें संपर्क
पूर्व में इसकी अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 तय की गई थी, जिसे अब अंतिम अवसर देते हुए 15 फरवरी तक बढ़ाया गया है। जिन पेंशनधारकों के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है या उसे अपडेट करवाने की आवश्यकता है, वे संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त किसी भी तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए लाभार्थी जिला कल्याण अधिकारी (डीडब्ल्यूओ), बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), पर्यवेक्षक या संबंधित क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मदद ले सकते हैं।
विभाग ने अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को पूर्ण करें ताकि भविष्य में पेंशन मिलने में कोई व्यवधान न आए।
क्या कहते हैं अधिकारी
राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी पेंशन लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है। जिला में अभी भी 10 हजार से अधिक लाभार्थियों का सत्यापन लंबित हैं। यदि 15 फरवरी तक प्रक्रिया पूर्ण नहीं की गई तो संबंधित लाभार्थी को अपात्र मानते हुए उसकी पेंशन स्थायी रूप से रोक दी जाएगी। पेंशन की निरंतरता बनाए रखने के लिए समय पर सत्यापन सुनिश्चित करें।
-राज बहादुर, जिला कल्याण अधिकारी, चंबा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बिजली की नई दरें तय करने की तैयारी, तीन शहरों में होगी जनसुनवाई; क्या लगेगा महंगाई का झटका?