मणिमहेश के लिए कैसे होगी हेलीकॉप्टर की बुकिंग और कहां से मिलेगी उड़ान? यात्रा से जुड़े हर सवाल का जवाब है यहां
हिमाचल प्रदेश की पवित्र मणिमहेश यात्रा 25 अगस्त से शुरू होगी, जिसमें हेली टैक्सी सेवा भी उपलब्ध होगी। श्रद्धालु ऑनलाइन ...और पढ़ें

श्री मणिमहेश यात्रा के लिए 25 अगस्त से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो जाएगी।
HighLights
मणिमहेश यात्रा 25 अगस्त से शुरू, हेली टैक्सी उपलब्ध।
ऑनलाइन बुकिंग manimaheshyatra.hp.gov.in पर करें।
भरमौर-गौरीकुंड किराया ₹3828, होली-गौरीकुंड ₹6255।
जागरण टीम, चंबा। हिमाचल प्रदेश की पवित्र श्री मणिमहेश यात्रा प्रशासन की ओर से 25 अगस्त से शुरू करने की योजना है। लाखों श्रद्धालु मणिमहेश कैलाश के दर्शन करने और पवित्र शिवकुंड में डुबकी लगाने के लिए पहुंचेंगे। 25 अगस्त से मणिमहेश के गौरीकुंड तक हेली टैक्सी सेवा शुरू हो जाएगी। इस बार श्रद्धालुओं को 4 हेली टैक्सी की सेवाएं मिलेंगी। दो हेलीकॉप्टर भरमौर से गौरीकुंड के लिए उड़ान भरेंगे और दो होली से गौरीकुंड की यात्रा करवाएंगे।
मणिमहेश यात्रा 2026 कब शुरू होगी?
मणिमहेश यात्रा प्रशासन की ओर से 25 अगस्त से शुरू की जानी है, लेकिन यात्रा मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण इसमें एक दिन का विलंब भी हो सकता है।
मणिमहेश यात्रा 2026 कब समाप्त होगी?
मणिमहेश यात्रा का समापन 19 सितंबर 2026 को राधाअष्टमी के शुभ अवसर पर होगा। राधा अष्टमी स्नान का शुभ मुहूर्त 18 सितंबर को दोपहर 01:00 बजे से शुरू हो जाएगा, जो अगले दिन 19 तारीख को दोपहर 03:26 बजे तक रहेगा।
कैसे करें हेलीकॉप्टर बुकिंग?
श्रद्धालु श्री मणिमहेश ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट manimaheshyatra.hp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक करवा सकते हैं। ऑफलाइन टिकट का विकल्प केवल विशेष परिस्थितियों में गौरीकुंड से भरमौर की एकतरफा वापसी के लिए मिल सकता है।
कहां से मिलेगा हेलीकॉप्टर?
हेलीकॉप्टर सेवा भरमौर और होली से मिलेगी। हेलीकॉप्टर मणिमहेश के शिव कुंड से एक किलोमीटर नीचे गौरीकुंड तक पहुंचाएगा।
मणिमहेश यात्रा के लिए कहां से पैदल यात्रा शुरू करनी होती है?
मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर से करीब 11 किलोमीटर आगे हड़सर से यात्रा शुरू होती है। चंबा से भरमौर पहुंचने के बाद यहां से हड़सर तक गाड़ियों में पहुंचा जा सकता है। इससे आगे पैदल यात्रा का दौर चलता है।
हेली टैक्सी का किराया कितना है?
भरमौर से गौरीकुंड का हेली टैक्सी किराया 3828 रुपये तय है और होली से गौरीकुंड का सफर 6255 रुपये में होगा।
हड़सर से मणिमहेश झील की दूरी कितनी है?
हड़सर से मणिमहेश झील यानी शिव कुंड की दूरी 13 किलोमीटर से ज्यादा है। कुछ जगह खड़ी चढ़ाई होने और ऊंचाई पर आक्सीजन कम होने के कारण यात्रा इतनी आसान नहीं रहती।
मणिमहेश यात्रा के दौरान कहां ठहरने की व्यवस्था है?
मणिमहेश यात्रा में पैदल मार्ग पर धनछो, सुंदरासी, गौरीकुंड और मणिमहेश शिव कुंड के पास ठहरने की टेंट में व्यवस्था रहती है। प्रति बिस्तर 250 से 350 रुपये वसूल किए जाते हैं।
मणिमहेश की ऊंचाई कितनी है?
मणिमहेश की पवित्र झील की ऊंचाई समुंद्र तल से 13000 फीट है, जबकि मणिमहेश कैलाश 18 हजार फीट से भी ऊंचा है।
मणिमहेश यात्रा के लिए कैसे करें पंजीकरण?
मणिमहेश यात्रा के लिए ट्रस्ट की वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण किया जा सकता है। इसके लिए 50 रुपये शुल्क तय किया गया है। बिना पंजीकरण यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं है।
यह भी पढ़ें: मणिमहेश यात्रा: 75 KG से अधिक वजन के यात्री को महंगी पड़ेगी हेली टैक्सी टिकट, रिफंड और बच्चों के लिए भी नियम तय
यह भी पढ़ें: मणिमहेश यात्रा में रात को ठहरना हुआ महंगा, प्रशासन ने चाय से लेकर खाने के रेट किए तय; मैगी 50 रुपये में मिलेगी
