मणिमहेश यात्रा: 75 KG से अधिक वजन के यात्री को महंगी पड़ेगी हेली टैक्सी टिकट, रिफंड और बच्चों के लिए भी नियम तय
श्री मणिमहेश यात्रा 2026 के लिए हेलीकॉप्टर सेवा 25 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगी, जिसमें 75 किलो से अधिक ...और पढ़ें

मणिमहेश यात्रा में हेली टैक्सी के लिए एसओपी तय हो गई हैं।
HighLights
हेलीकॉप्टर सेवा 25 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगी।
75 किलो से अधिक वजन पर अतिरिक्त शुल्क लगेगा।
ऑनलाइन बुकिंग manimaheshyatra.hp.gov.in पर उपलब्ध है।
जागरण टीम, भरमौर (चंबा)। हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के लिए हेलीकॉप्टर सेवा 25 अगस्त से शुरू हो जाएगी। यात्रा के दौरान 20 सितंबर तक हेली टैक्सी सेवाएं संचालित की जानी प्रस्तावित हैं। 75 किलोग्राम से अधिक वजन होने पर यात्री को 100 रुपये प्रति किलो की दर से अतिरिक्त शुल्क चेक-इन काउंटर पर चुकाना होगा। यदि यात्री का भार 80 किलोग्राम है तो उसे 500 रुपये अतिरिक्त भुगतान करना होगा। प्रत्येक यात्री को अधिकतम 5 किलोग्राम वजन का केवल एक बैग ले जाने की छूट होगी।
2 वर्ष से कम आयु के बच्चे अभिभावक की गोद में निशशुल्क यात्रा कर सकेंगे, जिसके लिए जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। हेलीकॉप्टर के भीतर और हेलीपैड पर हवाई फोटोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
यह है किराया
भरमौर से गौरीकुंड के लिए 3828 रुपये किराया तय है। वहीं होली से गौरीकुंड के लिए 6255 रुपये किराया है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो गई है।
अनुमति मिलना बाकी
हेली टैक्सी सेवा नागर विमानन महानिदेशालय और स्थानीय प्रशासन से श्री मणिमहेश ट्रस्ट को अनुमति मिलने के बाद ही विधिवत आरंभ होंगी। डीजीसीए की टीम की ओर से हेलीकॉप्टर की तकनीकी स्थिति तथा भरमौर, होली व गौरीकुंड हेलीपैड की जमीनी सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण करने के बाद ही उड़ानों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। अनुमति न मिलने की स्थिति में यात्रियों को बेस किराये का शत-प्रतिशत रिफंड दिया जाएगा।
इस पोर्टल से होगी ऑनलाइन बुकिंग
प्रशासन के अनुसार हेलीकॉप्टर सेवा के लिए टिकटों की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट manimaheshyatra.hp.gov.in के माध्यम से होगी। किसी भी अनाधिकृत माध्यम से की गई बुकिंग अमान्य होगी। विशेष परिस्थितियों में केवल गौरीकुंड से भरमौर की एकतरफा वापसी के लिए गौरीकुंड हेलीपैड पर ऑफलाइन टिकट जारी किया जा सकता है। फर्जी या डुप्लीकेट टिकट पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले किया जाएगा।
अधिक ऊंचाई पर स्वास्थ्य समस्याओं के खतरे को देखते हुए अधिकृत चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और मूल फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
समय-सारिणी और वापसी की शर्तें
यात्रियों को निर्धारित स्लॉट सुबह 5:30 और दोपहर 11:30 बजे के दौरान कम से कम 30 मिनट पहले चेक-इन काउंटर पर रिपोर्ट करना होगा। उसी दिन वापसी का टिकट लेने वाले श्रद्धालुओं को गौरीकुंड/मणिमहेश में दर्शन के लिए 3 घंटे का समय मिलेगा। भरमौर से दोपहर 12:00 बजे के बाद प्रस्थान करने वाले यात्रियों को डिफॉल्ट रूप से अगले दिन वापसी की श्रेणी में रखा जाएगा।
टिकट रद्दीकरण एवं रिफंड नीति
बोर्डिंग से 120 घंटे पूर्व टिकट रद करने पर किराये का 25 फीसद शुल्क कटेगा। 24 से 120 घंटे के भीतर टिकट रद्द करने पर 50 फीसद कटौती के साथ रिफंड मिलेगा। 24 घंटे के भीतर टिकट रद्द कराने या न पहुंचने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा। प्रतिकूल मौसम, तकनीकी खराबी या सरकारी आदेश से उड़ान रद्द होने पर बेस किराये की शत-प्रतिशत राशि 5 से 7 कार्यदिवसों में संबंधित खाते में वापस कर दी जाएगी।
एसओपी तय
एडीएम भरमौर विकास शर्मा का कहना है कि श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर संचालन को लेकर सभी आवश्यक दिशा-निर्देश व मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तय कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: मणिमहेश यात्रा में रात को ठहरना हुआ महंगा, प्रशासन ने चाय से लेकर खाने के रेट किए तय; मैगी 50 रुपये में मिलेगी
